लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "भारत के शिक्षा मंत्री के तौर पर BJP ने ऐसे व्यक्ति को चुना है जो बलात्कारियों का बचाव करता है. वह बेहद घटिया किस्म का इंसान है. जो व्यक्ति यह कहे कि बलात्कारियों को सुरक्षा की जरूरत है, उससे ज्यादा घटिया इंसान कोई नहीं हो सकता. आज भारत के शिक्षा मंत्री वही हैं. प्रधानमंत्री का यह रवैया अजीब है; उनकी कैबिनेट में इतने सारे लोग हैं, वे उनमें से किसी को भी चुन सकते थे. लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को चुना जो बलात्कारियों को बचाता है. वाकई हैरान करने वाली बात है."
प्रियंका गांधी ने भी लोकसभा में बिलकीस बानो मामले का जिक्र कर जोशी पर हमला बोला
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी लोकसभा में चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर निशाना साधा. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बिलकीस बानो मामले में दोषियों को जमानत मिलने से संबंधित एक अखबार में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए लोकसभा में जोशी को लेकर कुछ टिप्पणी की थी, जिसे कार्यवाही से हटा दिया गया.
प्रियंका गांधी ने आरोप पर लोकसभा में भारी हंगामा
प्रियंका गांधी ने जब लोकसभा में इस विषय का उल्लेख किया कि तो सत्तापक्ष के सदस्यों ने आपत्ति जताई और इसे शिक्षा मंत्री के खिलाफ निराधार तथा आपत्तिजनक टिप्पणी बताया. सदन में इस मुद्दे पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी.
किरेन रीजीजू ने कहा- माफी मांगें प्रियंका गांधी
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि नये शिक्षा मंत्री के संबंध में की गई टिप्पणी चरित्र हनन है. बिना सत्यापन के इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि प्रियंका गांधी अपने आरोपों को सत्यापित नहीं कर सकतीं तो उन्हें सदन से क्षमा मांगनी चाहिए. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि बिना तथ्यों के इस तरह की बातें सदन में नहीं कही जानी चाहिए.
प्रियंका गांधी वाड्रा आरोप लगाकर बच नहीं सकतीं : प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, प्रियंका गांधी वाड्रा इस तरह कोई भी आरोप लगाकर बच नहीं सकतीं. उन्होंने मांग की कांग्रेस सांसद सदन से माफी मांगें और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. प्रियंका गांधी ने कहा कि वह उचित माध्यम से सदन में अपनी बात सत्यापित करेंगी.
ये भी पढ़ें: संसद में एंटी पेपर लीक बिल पर बहस: प्रियंका बोलीं- प्रधानमंत्री को कैमरे का एंगल नहीं, दिल का एंगल बदलना पड़ेगा
