सदन में 'हिंदू' पर क्या बोल गये राहुल गांधी… जवाब देने खड़े हो गए पीएम मोदी, प्रियंका गांधी ने दी सफाई

Lok Sabha: हिंदू को लेकर सदन में राहुल गांधी के बयान पर सत्ता पक्ष ने जमकर हंगामा किया. पीएम मोदी राहुल गांधी को जवाब देने के लिए खड़े हुए. अमित शाह भी भड़क गये. वहीं राहुल गांधी ने यह भी कहा कि बीजेपी और पीएम मोदी पूरा हिंदू समाज नहीं हैं.

Lok Sabha: संसद सत्र के छठे दिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया. धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि संविधान पर हमला किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मुझपर भी निशाना साधा गया है. राहुल गांधी ने कहा कि भारत के विचार, संविधान और संविधान पर हमले का विरोध करने वाले लोगों पर एक व्यवस्थित और पूर्ण पैमाने पर हमला किया गया है. उन्होंने कहा कि हममें से कई लोगों पर व्यक्तिगत हमला किया गया है, कई नेता अभी भी जेल में हैं जिसने भी सत्ता और धन के केंद्रीकरण, गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों पर आक्रामकता का विरोध किया, उसे भारत सरकार के आदेश से प्रधानमंत्री के आदेश से कुचल दिया गया.

राहुल गांधी के बयान पर सदन में हंगामा
सदन में राष्ट्रपति अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि ‘सभी धर्मों और हमारे सभी महापुरुषों ने अहिंसा और निडरता की बात कही है. वे कहते थे कि डरो मत, डराओ मत… शिवजी कहते हैं डरो मत, डराओ मत… वह अहिंसा की बात करते हैं. लेकिन जो लोग अपने आपको हिंदू कहते हैं वो 24 घंटे हिंसा, नफरत और असत्य की बात करते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि आप हिंदू हैं ही नहीं. उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि हिंदुत्व केवल डर, नफरत और झूठ फैलाना नहीं है.

अपने भाषण में राहुल ने कहा कि आप हिंदू है ही नहीं. हिंदू धर्म में साफ लिखा है सत्य के साथ खड़ा होना चाहिए, सत्य से पीछे नहीं हटना चाहिए. ये इसलिए चिल्ला रहे हैं क्योंकि तीर दिल में जाकर लगा है. इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राहुल से कहा कि आप नेता प्रतिपक्ष हैं. इसका ध्यान रखें कि किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचे.

राहुल को जवाब देने खड़े हुए पीएम मोदी
राहुल गांधी के बयान पर पूरे सदन में शोर शराबा शुरू हो गया. सत्ता पक्ष के सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया. सत्तापक्ष के सदस्य अपने स्थान पर खड़े होकर जोरदार तरीके से विरोध जताने लगे. पीएम मोदी अपनी सीट से जवाब देने के लिए खड़े हो गये. उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना… यह बहुत गंभीर विषय है. इसपर राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी हिंदू समाज नहीं है. राहुल गांधी के बयान पर अमित शाह ने कहा कि करोड़ों लोग हिंदू होने पर गर्व करते हैं, क्या राहुल गांधी सोचते हैं कि वे सभी हिंसक हैं. शाह ने गांधी पर पलटवार करते हुए आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में आतंक फैलाया था और राहुल गांधी को अहिंसा की बात नहीं करनी चाहिए.

राहुल गांधी ने लगाए बड़े आरोप
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी हिंसा और नफरत फैला रही है. पिछले 10 सालों में संविधान और भारत की अवधारणा पर सुनियोजित ढंग से हमला किया जा रहा है. उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया कि विपक्षी नेताओं को जेल में डाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश ने मिलकर संविधान की रक्षा की है. अच्छा लग रहा है कि बीजेपी के लोग अब संविधान-संविधान बोल रहे हैं.

हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकते राहुल गांधी- प्रियंका गांधी
संसद में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भाषण पर पार्टी नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि वह हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकते. उन्होंने बीजेपी और उसके नेताओं के बारे में यह बात साफ तौर पर कही है.

शहजाद पूनावाला ने दी प्रतिक्रिया
इधर, राहुल गांधी के भाषण पर बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि चुनाव के बाद भी राहुल का हिंदू नफरत बदस्तूर जारी है. ये वही लोग हैं जिन्होंने ‘हिंदू आतंक’, ‘भगवा आतंक’, हिंदुत्व जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. आईएसआईएस और बोको-हरम की तरह है, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया. अब लोकतंत्र के मंदिर में वे कह रहे हैं कि जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं वे हिंसक हैं और नफरत फैला रहे हैं? वे कहते हैं कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, लेकिन जब बात हिंदुओं की आती है तो वे वोट बैंक की राजनीति के नाम पर गाली देते हैं. भाषा इनपुट से साभार

Also Read: Parliament Session : ‘आसन के पास कोई रिमोट कंट्रोल नहीं होता…’, ओम बिरला ने राहुल गांधी को दिया जवाब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >