Raghav Chadha Joins BJP: शुक्रवार को राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मीडिया से बात करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने की बात कही और कुछ ही घंटे में बीजेपी में शामिल हो गये. चड्ढा ने पार्टी (आप) छोड़ने से पहले कहा- मैंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिक मूल्यों से पूरी तरह भटक गई है. हाल ही में चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया गया था. राघव चड्ढा ने आप पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो एक गलत पार्टी में सही आदमी है.
बीजेपी में मुख्यालय में मिठाई से स्वागत
पीसी के बाद सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की. साथ ही राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सांसदों ने भाजपा में विलय की घोषणा की. बीजेपी मुख्यालय में चड्ढा और अन्य आप सांसदों का स्वागत किया गया.
सोशल मीडिया एक्स पर राघव चड्ढा ने एक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने कहा-“आज भारत के संविधान के नियमों का पालन करते हुए, राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से ज़्यादा सांसद भाजपा में शामिल हो गए हैं. 7 सांसदों ने उस डॉक्यूमेंट पर साइन किए हैं, जिसे राज्यसभा के चेयरमैन को सौंपा गया था. मैंने 2 और सांसदों के साथ, खुद साइन किए हुए डॉक्यूमेंट सौंपे हैं.”
‘अरविंद अकेले की पार्टी’ पार्टी बन गई है AAP- शहजाद पूनावाला
आम आदमी पार्टी के दो तिहाई राज्यसभा सांसदों के BJP में विलय करने पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा- जीवन भर AAP में रहने वालों ने वही गलती दोहराई, धूल चेहरे पर थी और आप (AAP) आईना साफ करती रही. उन्होंने कहा कि आत्मनिरीक्षण का समय आ गया है. लेकिन इसके बजाय, वे अपनी तुलना पंजाब से कर रहे हैं. केजरीवाल को छोड़ना पंजाब के साथ विश्वासघात कैसे है? पंजाब के साथ विश्वासघात तब होता है जब आप नशा मुक्त कहते हैं लेकिन उस पर अमल नहीं करते, जब आप माफिया के साथ मिलीभगत करते हैं, अभूतपूर्व भ्रष्टाचार में लिप्त होते हैं और जन लोकपाल नहीं लाते. AAP अब अरविंद अकेले की पार्टी बन गई है.
अपने फायदे के लिए काम कर रही AAP- राघव चड्ढा
आप छोड़ने के ऐलान के बाद पीसी में राघव चड्ढा ने AAP पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा- अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी अब देश के लिए नहीं, बल्कि अपने ही फायदे के लिए काम कर रही है. चड्ढा ने कहा- पिछले कुछ वर्षों में, मुझे यह महसूस होने लगा है कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं. आज, मैं आप से अलग होने और जनता के साथ अधिक निकटता से काम करने के अपने निर्णय की घोषणा करता हूं. इस दौरान राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होगी, लेकिन ऐसा हो गया है. पाठक ने कहा- मैं दस साल तक इस पार्टी से जुड़ा रहा. और आज मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं.
बीजेपी ने पंजाब के साथ धोखा किया- अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के पार्टी छोड़ने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर पंजाब की जनता के साथ धोखा किया है. केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा- भाजपा ने एक बार फिर पंजाबियों के साथ धोखा किया है.
आप छोड़ने वाले पार्टी सांसद ‘गद्दार’- भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले सांसदों को ‘गद्दार’ करार दिया है. मान ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा, आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है और उसने पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने कहा कि जब भाजपा को मान के खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो उसने आप को तोड़ने की कोशिश की. सीएम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग इस बात से परेशान हैं कि मान जननेता कैसे बन गया है.
