Nitin Nabin Nomination: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की. पार्टी नेता और कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपना नामांकन पत्र सोमवार (19 जनवरी) को दाखिल किया. इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह समेत नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रीजीजू की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी के लक्ष्मण को नितिन नवीन के नामांकन पत्रों का एक सेट सौंपा. इसके बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्य के अन्य नेताओं ने भी नितिन नवीन के समर्थन में अपना नामांकन पत्रों का एक और सेट दाखिल किया. नवीन को पिछले महीने ही पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था.
कई पार्टी नेताओं ने सौंपा अपना समर्थन पत्र
नामांकन के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अपना सपोर्ट लेटर सौंपा. बिहार, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, झारखंड समेत कई राज्यों के नेताओं ने नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं के समर्थन से नितिन नवीन का बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है.
पीएम मोदी की तरफ से Gen Z के लिए एक बड़ा मैसेज, बोले अनुराग ठाकुर
बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन प्रोसेस पर पार्टी नेता और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा- नितिन नवीन को चुनने का बीजेपी का फैसला न सिर्फ पार्टी के लिए बल्कि देश के लिए भी गर्व की बात है. उन्होंने कहा- यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से Gen Z के लिए एक बड़ा मैसेज है, जिसमें उन्हें राजनीति में शामिल होने के लिए बुलाया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी नितिन नवीन के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता जीतने में मदद करेगी.
लीडरशिप की पोजीशन में होंगे युवा
बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन प्रोसेस पर पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा- भाजपा ने साबित कर दिया है कि अब देश में युवा ही लीडरशिप की पोजीशन में होंगे.
कैसे होता है बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव
बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने एक निर्वाचक मंडल की ओर से चुना जाता है. इस चुनाव प्रक्रिया की देखरेख पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी करते हैं. बीजेपी के संविधान के अनुसार किसी राज्य के निर्वाचक मंडल के कोई भी 20 सदस्य एक साथ ऐसे व्यक्ति का नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए दे सकते हैं जो चार कार्यकालों तक एक्टिव सदस्य रहा हो और वो 15 साल से ज्यादा समय से पार्टी का सदस्य रहा हो. हालांकि इसके लिए यह भी जरूरी है कि ऐसा प्रस्ताव कम से कम पांच ऐसे राज्यों से आना चाहिए, जहां राष्ट्रीय परिषद के लिए चुनाव पूरे हो चुके हों. (इनपुट- भाषा)
