कई राज्यों में होगी बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और आसपास के हिस्सों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ में पश्चिमी दिशा में बढ़ने की उम्मीद है. इधर, मानसून अब गंगानगर, हिसार, मेरठ, ग्वालियर, जबलपुर और रायपुर से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र तक पहुंच रहा है. एक ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है. अगले 24 घंटों के दौरान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तरी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बिहार, उत्तर पूर्व भारत, सिक्किम, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण गुजरात, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी हिमालय में हल्की की संभावना है.