पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बृहस्पतिवार ( 20 अगस्त) को एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, 22 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है.
रात 12:40 बजे हुआ पूरा विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 12:40 बजे कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक और 15 ब्लॉक के बीच सड़क पर हुई. यहां किसी बात को लेकर युवक और आरोपियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई.
झगड़ा रोकने पहुंचा था युवक
मृतक के परिवार का आरोप है कि युवक किसी दूसरे झगड़े को रोकने के लिए वहां पहुंचा था. इसी दौरान आरोपियों से उसकी बहस हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि उस पर चाकू से हमला कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Train Cancelled: त्योहारों पर घर जाने वालों के लिए जरूरी खबर,कई ट्रेनें कैंसिल
