MP में आदिवासी युवक पर पेशाब कांड के बाद सियासत में उबाल, आरोपी प्रवेश शुक्ला गिरफ्तार

आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने का वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा, आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है.

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी युवक पर पेशाब कांड के बाद सियासत में उबाल आ गया है. खबर है कि इस मामले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से सख्त कार्रवाई के आदेश दिए जाने के बाद आरोपी प्रवेश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है. समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रवेश शुक्ला को मध्य प्रदेश पुलिस ने मंगलवार की देर रात को गिरफ्तार किया गया है. सीधी जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि आरोपी प्रवेश शुक्ला पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 294, 504 और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बताते चलें कि नशे में धुत प्रवेश शुक्ला पर आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने का आरोप लगा है. इस पेशाब कांड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी व्यक्ति को नशे की हालत में एक युवक पर पेशाब करते देखा जा रहा है. टीवी न्यूज चैनल की रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि आदिवासी युवक पर पेशाब करने के बाद आरोपी प्रवेश शुक्ला ने पीड़ित से हलफनामा भी लिखवा रखा था.

वीडियो वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्शन लेते हुए कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दे दिया है. सीएम चौहान ने कहा, आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) भी लगायेंगे. आरोपी व्यक्ति की पहचान प्रवेश शुक्ला के रूप में हुई है. इधर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी व्यक्ति प्रवेश शुक्ला के खिलाफ आईपीसी की धारा 294,504 और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

आरोपी का बीजेपी से कनेक्शन

आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने वाले आरोपी शख्स को बीजेपी विधायक केदार शुक्ला का प्रतिनिधि बताया जा रहा है. जबकि जिस युवक के ऊपर आरोपी ने पेशाब किया, वह सीधी जिले के करोंदी गांव का रहने वाला है. इधर मामला सामने आने के बाद सीधी से भाजपा विधायक केदार नाथ शुक्ला ने कहा, न वो(वायरल वीडियो में आरोपी) मेरे सहयोगी हैं, न वो मेरा प्रतिनिधि है. उसका किसी भी तरह से भाजपा से कोई संबंध नहीं है वीडियो अभी मेरे संज्ञान में आया है. घटना अमानवीय है. आरोपी के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

कमलनाथ ने बीजेपी पर बोला हमला

आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने का वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा, आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है. उन्होंने आगे कहा, आरोपी युवक बीजेपी का बताया जा रहा है. कमलनाथ ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है. इस घटना ने शर्मसार कर दिया है. उन्होंने युवक पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की. एक अन्य कांग्रेसी नेता विक्रांत भूरिया ने बीजेपी को आदिवासी विरोधी बताया.

Also Read: अब मध्य प्रदेश के स्कूली किताबों में जुड़ेगा ‘सावरकर’ का सिलेबस, कांग्रेस ने की सख्त टिप्पणी

बीजेपी ने आरोपी युवक से पल्ला झाड़ा

आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने का मामला सामने आने के बाद बीजेपी ने पल्ला झाड़ लिया है. बीजेपी नेता आशीष अग्रवाल ने ट्वीट किया और कहा, प्रवेश शुक्ला नाम के व्यक्ति का बीजेपी से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने आगे कहा, हर कुत्सित कृत्य जो आदिवासी समाज के विरोध में किया जाएगा, बीजेपी उसका सदैव विरोध करेगी. उन्होंने आगे कहा, बीजेपी आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >