Mahila Samriddhi Yojana : बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में पात्र और जरूरतमंद महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह प्रदान करने वाली ‘महिला समृद्धि योजना’ के लिए रजिस्ट्रेशन जून से शुरू कर सकती है. आधिकारिक सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह खबर दी है.
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के लिए एक पंजीकरण पोर्टल (Registration Portal) तैयार कर लिया गया है. यह जून के पहले सप्ताह से काम करना शुरू कर देगा. यह योजना 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी के चुनावी वादों में से एक है.
योजना का नया नाम दिल्ली लक्ष्मी योजना हो सकता है
सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस योजना को नए नाम “दिल्ली लक्ष्मी योजना” के तौर पर शुरू करने की तैयारी में है. इसका फायदा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की करीब 17 लाख महिलाओं को मिल सकता है. मार्च में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 2026-27 का बजट पेश करते समय इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान भी रखा था. सरकार का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.
यह भी पढ़ें : दिल्ली की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये, जानें किसे और कैसे मिलेगा फायदा
सीएम गुप्ता ने दिया था आश्वासन
सीएम गुप्ता ने बार-बार आश्वासन दिया था कि वह इस योजना को एक पुख्ता योजना के साथ शुरू करेंगी ताकि योजना का अधिकतम लाभ उठाया जा सके.
किसे मिलेगा इस योजना का लाभ? जानें
सरकार ने इस योजना को इस तरह तैयार किया है कि इसका फायदा सिर्फ जरूरतमंद महिलाओं तक ही पहुंचे. इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं.
- महिला की उम्र 21 से 59 साल के बीच होनी चाहिए और वह पिछले 5 साल से दिल्ली की स्थायी निवासी हो.
- सिर्फ BPL (गरीबी रेखा से नीचे) या EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) की महिलाएं ही इस योजना के लिए पात्र मानी जाएंगी.
- परिवार की कुल सालाना आय 2.5 से 3 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
- परिवार का कोई भी सदस्य इनकम टैक्स नहीं देता हो.
- आवेदन करने वाली महिला सरकारी नौकरी में न हो और न ही वह पहले से किसी अन्य सरकारी पेंशन या आर्थिक योजना का लाभ ले रही हो.
