Video : कांवड़ यात्रा को लोग भगवान शिव की भक्ति से जोड़ते हैं, लेकिन इस बार उत्तर प्रदेश से आई एक तस्वीर दोस्ती और भाईचारे का संदेश दे रही है. मेरठ के रहने वाले मुस्लिम युवक शाकिर अपने हिंदू दोस्त मिंटू के साथ हरिद्वार से 251 लीटर की कांवड़ लेकर पैदल यात्रा कर रहे हैं. इसका वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि गंगा जल भरने के बाद दोनों दोस्तों ने अपनी पैदल कांवड़ यात्रा शुरू की और अब साथ-साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं. शाकिर का कहना है कि उनकी इस यात्रा का मकसद सिर्फ कांवड़ चढ़ाना नहीं, बल्कि लोगों को आपसी भाईचारे और एकता का मैसेज देना भी है. उनका कहना है कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और सच्ची दोस्ती कभी धर्म या जाति देखकर नहीं होती.
दोनों दोस्त लगातार दूसरे साल कर रहे हैं कांवड़ लेकर पैदल यात्रा
शाकिर सिर्फ अपने दोस्त मिंटू के साथ कांवड़ यात्रा ही नहीं कर रहे, बल्कि रास्ते में मिलने वाले दूसरे शिवभक्तों की मदद भी कर रहे हैं. कभी वह किसी की कांवड़ संभालते नजर आते हैं तो कभी जरूरतमंद श्रद्धालुओं की मदद करते दिखते हैं. खास बात यह है कि दोनों दोस्त लगातार दूसरे साल हरिद्वार से कांवड़ लेकर पैदल यात्रा कर रहे हैं.
