Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से देश के कई हिस्सों में आने वाले 72 घंटे में जोरदार बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. बिहार के कई इलाकों में बिजली गिरने की संभावना है. जबकि, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है.
ओडिशा में बहुत भारी बारिश का खतरा (Odisha Rain Warning)
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए उत्तरी ओडिशा और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल से गुजर सकता है. इसके असर से 24 अगस्त को ओडिशा में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. राज्य में 24 से 26 अगस्त के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश (MP Rain)
- छत्तीसगढ़ में 24 अगस्त को कई जगह बारिश के साथ कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. यहां 23 से 25 अगस्त तक बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
- पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 24 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं.
- पश्चिमी मध्य प्रदेश में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है.
- विदर्भ में भी 24 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
24 से 27 अगस्त तक यूपी-उत्तराखंड में गरज चमक के साथ बारिश (Heavy Rain ALert)
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 24 से 27 अगस्त के दौरान यहां कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.
- उत्तराखंड में भी सोमवार को व्यापक बारिश जारी रह सकती है. 24 अगस्त को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा है.
- उत्तर-पश्चिम भारत के दूसरे हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है.
बिहार में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट
बिहार में 24 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार 24 से 26 अगस्त के दौरान राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश
- झारखंड में 24 अगस्त को कई इलाकों में बारिश हो सकती है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. यहां 23 से 27 अगस्त तक भारी बारिश का दौर बना रह सकता है.
- गंगीय पश्चिम बंगाल में भी 24 अगस्त को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिसके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
पूर्वोत्तर में कहां बरसेंगे बादल?
24 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगह बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर के इन राज्यों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है.
दक्षिण भारत में 60 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती है हवा
24 अगस्त को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. यहां गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की हवा चलने और झोंकों के 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 24 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है.
Also Read: दिल्ली-NCR में ‘रेनी संडे’, सुबह-सुबह बदला मौसम, कई इलाकों में झमाझम बारिश
