देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर एक्टिव नजर आ रहा है. IMD ने शनिवार, 29 अगस्त से 2 सितंबर तक बिहार-झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका है तो पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी तेज बारिश होगी.
ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का चेतावनी
- शनिवार को सबसे ज्यादा नजर ओडिशा के मौसम पर रहेगी. IMD ने राज्य में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.
- भुवनेश्वर-कटक में भी 29 अगस्त को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
- ओडिशा के अलावा झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है.
- बिहार के लिए आईएमडी ने 29 अगस्त को भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना बताई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी होगी तेज बारिश
- पूर्वोत्तर भारत में भी शनिवार को मौसम बिगड़ा रह सकता है.
- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगह बारिश की संभावना है.
- असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.
- IMD के मुताबिक पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 2 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. असम और मेघालय में 29 से 31 अगस्त के बीच व्यापक बारिश की संभावना है.
ये भी पढ़ें: एडिटोरियल बदलाव या कोई दूसरी वजह? सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ क्यों नहीं छापेगा पेंगुइन?
मध्य भारत में भी बारिश का जोर
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी शनिवार को बारिश देखने को मिल सकती है.
- पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगह बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. छत्तीसगढ़ में भी व्यापक बारिश और अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
- मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. इसलिए नागरिकों सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
- उत्तराखंड में शनिवार को कई जगह बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश हो सकती है.
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में भी कुछ जगह बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहने का अनुमान है.
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश
- पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में शनिवार को कई जगह बारिश हो सकती है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.
- दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक में व्यापक बारिश हो सकती है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी कई जगह बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें: चारों तरफ तबाही, बालकनी में फंसा परिवार, नेपाल-तिब्बत सीमा से आया नया डरावना वीडियो
2 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का मौसम
- आईएमडी ने समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है.
- बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा के तट से लगे समुद्री इलाकों में 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
- आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती हैं. गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में कई जगह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
