जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मुठभेड़, सेना के दो जवान घायल, आतंकियों को घेरने के लिए की गई खास तैयारी

आतंकवादियों पर नजर रखने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है. एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि गहन अभियान जारी है.

जम्मू-कश्मीर में आतंकी एक बार फिर एक्टिव हो गये हैं. राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के दो जवान घायल हो गए. मुठभेड़ को लेकर जो अधिकारियों ने जानकारी दी है उसके अनुसार, जिले के एक वन क्षेत्र की घेराबंदी और तलाश अभियान के बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच सोमवार शाम मुठभेड़ शुरू हो गई. अधिकारियों ने बताया कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त दल ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद कालाकोट इलाके के ब्रोह और सूम वन क्षेत्र की सोमवार को घेराबंदी की थी.

मुठभेड़ को लेकर अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़ने की कोशिश में सैनिकों पर गोलीबारी की जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में सेना के दो जवान घायल हो गये. उन्होंने कहा कि घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है.

Also Read: अनंतनाग मुठभेड़ पर गरमाई राजनीति, बोले संजय राउत- पीएम मोदी के ऊपर फूल बरसते वक्त जवानों पर बरसाई गई गोलियां

अतिरिक्त बल भेजा गया

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि जिस इलाके की घेराबंदी की गई है, उसमें दो आतंकवादी हैं और इन आतंकियों को मार गिराने के लिए अतिरिक्त बल भेज दिया गया है, जहां से आतंकवादी भाग सकते हैं ऐसे रास्तों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी. एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों पर नजर रखने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गहन अभियान जारी है.

Also Read: जम्मू कश्मीर: हेरॉन मार्क-2 अनंतनाग में आतंकियों को खोजकर करेगा ढेर, जानें इस ड्रोन की खासियत

कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में गत शनिवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया था. घुसपैठ की कोशिश उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर के कुमकाडी इलाके में हुई. कुपवाड़ा पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा था कुपवाड़ा पुलिस द्वारा दी गई एक खुफिया जानकारी के आधार पर, माछिल सेक्टर के कुमकाडी इलाके में सेना और पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में घुसपैठ के प्रयास में शामिल दो आतंकवादी अभी तक मारे गए. मुठभेड़ स्थल से अब तक दो एके राइफल, चार एके मैगजीन, 90 कारतूस, पाकिस्तान निर्मित एक पिस्तौल, एक थैली और 2,100 रुपये पाकिस्तानी मुद्रा बरामद की गई.

भाषा इनपुट के साथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >