Jammu-Kashmir: बारामूला में दो आतंकी ढेर, अनंतनाग में आतंकियों पर बरसाए जा रहे हैं बम

Jammu-Kashmir Encounter : अनंतनाग अभियान में लगे करीब तीन हजार जवान आतंकियों को मटियामेट करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं. इधर बारामूला जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों में मुठभेड़ जारी है. कश्मीर पुलिस ने बताया कि बारामूला जिले के हथलंगा में उरी के सीमावर्ती इलाके में मुठभेड़ छिड़ गई है.

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में पिछले चार दिनों से आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है. इस बीच जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा(एलओसी) के पास शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें दो आतंकवादी मारे गए. कश्मीर पुलिस ने बताया कि बारामूला जिले के सीमावर्ती इलाके हथलंगा के उरी क्षेत्र में शनिवार सुबह मुठभेड़ छिड़ गई. पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है.

आपको बता दें कि अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में जारी अभियान में सेना द्वारा पहली बार मीडियम रेंज के तोपखाने के साथ ही सबसे अधिक शक्तिशाली हेरोन मार्क 2 ड्रोन का भी इस्तेमाल आतंकियों पर बम बरसाने में किया जा रहा है. इस अभियान में लगे करीब तीन हजार जवान आतंकियों को मटियामेट करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं.

शहीदों की संख्या हुई चार : इस बीच शुक्रवार को एक अन्य जख्मी जवान ने दम तोड़ दिया. इसके साथ ही शहीदों की संख्या चार हो गयी है. एक अन्य जवान अभी भी लापता बताया जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आतंकियों की कितनी संख्या है. माना जा रहा है कि उनकी संख्या आठ से दस के करीब है. नॉर्दन कमान के सेना नायक ले जनरल उपेंद्र द्विवेदी और कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह के साथ ही कई अफसर तीन दिनों से अनंतनाग में ही डेरा डाले हुए हैं, ताकि जवानों का हौंसला बढ़ाया जा सके. वहीं, सुरक्षा एजेंसियां भी चौकस हैं.

आतंकी ठिकानों पर बमबारी जारी: आतंकी ऊंची पहाड़ी पर हैं. ऐसे में सेना ने छाताधारी सैनिकों को उतारने के साथ ही मीडियम रेंज के तोपखानों से भी गोले बरसाये जा रहे हैं. वहीं, हेरोन मार्क 2 जैसे खतरनाक ड्रोन का इस्तेमाल आतंकियों के संभावित ठिकानों पर बमबारी करने में किया जा रहा है.

छह साल का मासूम बोला- जय हिंद पापा : जय हिंद पापा…यह शब्द हैं कर्नल मनप्रीत सिंह के छह वर्ष के बेटे कबीर की, जिसने सेना की वर्दी पहन कर शहीद पिता को अंतिम विदाई दी. अंतिम विदाई से ठीक पहले कबीर ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को नमन किया, तो वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गयीं. कश्मीर घाटी में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में बलिदान देने वाले कर्नल सिंह का शुक्रवार को पंजाब के मोहाली जिले स्थित उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >