स्टालिन की गिरफ्तारी से नाराज द्रमुक कार्यकर्ता सेंगिपट्टी पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए हैं. कार्यकर्ता अपने नेता को छाड़ने की मांग कर रहे हैं. इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की भिड़ंत भी हुई.
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत 3 अगस्त को कावेरी मुद्दे पर आयोजित एक विरोध मार्च से हुई. आरोप है कि जनसभा के दौरान जब भीड़ ने तृषा, तृषा के नारे लगाए, तो उदयनिधि स्टालिन ने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की. जिसके बाद तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) की तंजावुर जिला महिला शाखा की संयोजक एस बैरवी ने तंजावुर पूर्व थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई. इसके अलावा, टीवीके के प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के समक्ष भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर उदयनिधि से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की है.
उदयनिधि को आवास से उठाकर ले गई पुलिस
पुलिस की टीम मंगलवार सुबह चेन्नई के नीलांकरई स्थित उदयनिधि के आवास पर पहुंची और उनके परिवार तथा पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद उन्हें हिरासत में लेकर तंजावुर ले गई.
9 गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज
तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने, दंगा भड़काने के इरादे से उकसाने, आपराधिक धमकी, अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने और 'तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम' की धाराओं समेत कुल नौ धाराओं में मामला दर्ज किया है.
मद्रास हाईकोर्ट पहुंची DMK, सरकार ने दिया सफाई
उदयनिधि की गिरफ्तारी के तुरंत बाद द्रमुक ने मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की. अदालत में सुनवाई के दौरान सरकार के वकीलों ने स्पष्ट किया कि पुलिस का इरादा औपचारिक रूप से जेल भेजने का नहीं है, बल्कि तंजावुर पुलिस द्वारा सिर्फ पूछताछ की जा रही है और उसके बाद उन्हें रिहा कर दिया जाएगा.
उदयनिधि स्टालिन ने कहा- फैसला अदालत करेगी
पुलिस हिरासत में लिए जाने के दौरान उदयनिधि ने कहा, "क्या मैंने मुख्यमंत्री के अलावा किसी का नाम लिया था? फिर यह कार्रवाई क्यों हो रही है? अब इस पर फैसला अदालत ही करेगी."
एमके स्टालिन ने टीवीके सरकार पर लगाया मनमानी करने का आरोप
द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने सरकार पर अहंकार और मनमानी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा बजट सत्र में शामिल होने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है. स्थिति पर चर्चा के लिए उन्होंने पार्टी मुख्यालय में आपात बैठक बुलाई.
स्टालिन से पूछताछ उनके आवास पर भी हो सकती थी : तिरुचि शिवा
द्रमुक सांसद तिरुचि शिवा ने कहा कि एक सम्मानित संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से पूछताछ उनके आवास पर भी हो सकती थी. उन्हें इतनी दूर तंजावुर ले जाना राज्य सरकार की आलोचना के प्रति असहिष्णुता को दर्शाता है.
तमिलनाडु के बिजली मंत्री ने उदयनिधि के बयान की आलोचना की
तमिलनाडु के बिजली मंत्री आर निर्मल कुमार ने उदयनिधि के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि एक सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की मानसिकता प्रदर्शित करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
