Heavy Rain And Flood: कई राज्यों में भारी बारिश का कहर, उत्तराखंड में बादल फटा, पंजाब में बाढ़ से लोग हलकान

Heavy Rain And Flood: देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है. जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं. कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं. राहत और बचाव जारी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की भी खबर है. जम्मू कश्मीर के कटरा क्षेत्र में शुक्रवार को भारी बारिश होने के चलते त्रिकुटा की पहाड़ियों में स्थित वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा लगातार चौथे दिन स्थगित रही.

Heavy Rain And Flood: देश के कई इलाकों में मानसून का रौद्र रूप दिखाई दे रहा है. कई हिस्सों में जोरदार बारिश का कहर जारी है. उत्तराखंड में शुक्रवार को बादल फटने से पांच लोगों की मौत हो गई और 11 लोग लापता हो गए है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के मनाली शहर का एक हिस्सा बारिश में बह गया. जबकि, भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार चौथे दिन बंद रहा. पंजाब के पटियाला में जिला प्रशासन ने घग्गर नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के बाद नदी के पास के कई निचले गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है. फिरोजपुर जिले में भी बाढ़ का कहर जारी है और यहां करीब 16,000 एकड़ फसलें जलमग्न हो गई हैं और 62 गांव गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं.

महाराष्ट्र के लातूर और नांदेड़ में भारी बारिश

महाराष्ट्र में भी भारी बारिश के कारण आम जनजीवन बेपटरी रहा. लातूर और नांदेड़ जिलों शुक्रवार को जोरदार बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया. बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा. आलम यह रहा कि स्कूल बंद करने पड़े और सेना को बचाव अभियान के लिए बुलाना पड़ा. यही हाल उत्तराखंड का भी रहा. बादल फटने से हुए भूस्खलन में कई घर बह गए और कई लोग मलबे के नीचे दब गए. चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिलों में इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक प्रभाव पड़ा.

जम्मू कश्मीर में तबाही वाली बारिश

जम्मू कश्मीर के कटरा क्षेत्र में शुक्रवार को भारी बारिश होने के चलते त्रिकुटा की पहाड़ियों में स्थित वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा लगातार चौथे दिन स्थगित रही.कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों पर शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश होती रही. उधमपुर-रामबन क्षेत्र में भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार चौथे दिन भी बंद रहा. करीब 270 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 2,000 से अधिक वाहन फंसे रहे.

पंजाब में बाढ़ से हलकान

पंजाब में भी भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई है. 2,500 से अधिक लोगों को बचाया गया और उन्हें 13 राहत शिविरों में रखा गया. बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर जिले हैं. अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण शुक्रवार को पटियाला में भी बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए तीन शीर्ष अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की.

उफान पर कई नदियां

देश के कई राज्यों में हो रही भीषण बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ने के बाद पंजाब के कई इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति हो गई है. हरियाणा के अंबाला छावनी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण टांगरी नदी खतरे के निशान के पास पहुंच गई है. महाराष्ट्र के लातूर जिले के 60 राजस्व मंडलों में से 29 में गुरुवार रात तक अत्यधिक बारिश हुई. भारी बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >