उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात गंभीर बना दिए हैं. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. नदी किनारे बसे कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. जिला प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी किनारे या भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है.
खराब मौसम के बीच भी नहीं रुकी कांवड़ यात्रियों की आस्था
भारी बारिश के बावजूद सावन महीने में कांवड़ यात्रियों का उत्साह कम नहीं हुआ है. रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच भी श्रद्धालु दोपहिया वाहनों से केदारनाथ हाईवे पर अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं. खराब मौसम और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन की आस्था के साथ आगे बढ़ रहे हैं. हालांकि प्रशासन लगातार यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील कर रहा है.
इधर टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली क्षेत्र में भी लगातार बारिश के कारण हालात बिगड़ गए. सुबह घनसाली पुलिस स्टेशन से SDRF पोस्ट को सूचना मिली कि नेलचामी रोड स्थित बैलगढ़ी गांव में अचानक एक मौसमी गदेरे का जलस्तर बढ़ने से कई महिलाएं फंस गई हैं. तेज बहाव के कारण गांव को जोड़ने वाला पुल बह गया, जिससे दोनों ओर का संपर्क पूरी तरह टूट गया. गांव के दोनों तरफ मकान बने होने के कारण लोग अपने घरों और गोशालाओं में सुरक्षित रुके रहे.
SDRF ने रस्सियों के सहारे चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पोस्ट प्रभारी उपनिरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची. मौके का जायजा लेने के बाद टीम ने रस्सियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और विजयलक्ष्मी (55), पत्नी गब्बर सिंह, को सुरक्षित गदेरे के दूसरी ओर पहुंचाया. मौके पर जिला पुलिस और तहसील प्रशासन की टीमें भी मौजूद रहीं। राहत की बात यह रही कि अन्य महिलाएं अपने घरों और गोशालाओं में सुरक्षित थीं तथा इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है. प्रशासन ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: आतंकवादी, किसान विरोधी और भ्रष्टाचारी कहां मिलेंगे...राज्यसभा में BJP सांसदों ने कांग्रेस के खिलाफ लगाए नारे
