Heatwave Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार (20 अप्रैल) को बताया कि अगले चार से पांच दिन तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में तापमान बढ़ सकता है. आईएमडी ने लू (हीटवेव ) चलने का भी अनुमान जाहिर किया है. आईएमडी ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है.
इन राज्यों में बढेगा तापमान
आईएमडी ने कहा- 20 से 26 अप्रैल के दौरान पश्चिमी बंगाल में गंगा के कुछ मैदानी इलाके, 20 से 22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, 20 से 24 अप्रैल के दौरान केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा में कुछ इलाकों में रात का तापमान बढ़ने का अनुमान है.
- मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है.
- पूर्वी भारत में 20 और 21 अप्रैल के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है.
- देश के बाकी हिस्सों में 20 से 25 अप्रैल के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
हरियाणा में भीषण गर्मी
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है. सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जिसमें नारनौल सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नारनौल में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया. हिसार में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 39.4 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 41.6 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 40.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 39 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पंजाब में आग उगल रहा आसमान
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा. बठिंडा राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लुधियाना में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा. अमृतसर में पारा 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
Also Read: 20, 21, 22, 23 अप्रैल तक आंधी-तूफान, बारिश और बर्फबारी, मौसम लेगा करवट, IMD अलर्ट
