National Weather: दिल्ली, राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में हीट वेव जारी, 10 दिन बाद बदलेगा मौसम का मिजाज

National Weather: दिल्ली, राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है. हीट वेव से लोग परेशान हैं. नोएडा से खबर है कि वहां लू से 14 लोगों की मौत हो गई है.

National Weather: दिल्ली में बुधवार को 12 साल बाद सबसे गर्म रात रही और न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से आठ डिग्री अधिक है. दिल्ली में इससे पहले जून 2012 में सबसे गर्म रात दर्ज की गई थी और उस दौरान न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात यहां इस मौसम की सबसे गर्म रात रही और 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

30 जून को दिल्ली पहुंचेगा मानसून

IMD वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने कहा, हमने कल पंजाब, हरियाणा, दिल्ली NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, लेकिन आज स्थिति में सुधार हुआ है. बिहार में बारिश की गतिविधि हुई है. पंजाब, हरियाणा और दिल्ली NCR के लिए हमने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए हमने अगले 2 दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, आज उत्तर प्रदेश के लिए भी रेड अलर्ट है. दिल्ली NCR में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. 30 जून के आसपास दिल्ली एनसीआर में मानसून के आने की उम्मीद है. आज भी हम दिल्ली में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की गतिविधि की उम्मीद कर सकते हैं.

गुजरात के इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के निदेशक, वैज्ञानिक डी, रामाश्रय यादव ने कहा, आज नवसारी, सूरत, वलसाड, गिर-सोमनाथ, अमरेली, दमन और दादर एवं नगर हवेली में भारी बारिश की संभावना है. कल, दक्षिण गुजरात के सभी जिलों और अरावली, खेड़ा, अहमदाबाद, आनंद, पंचमहल और दाहोद जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. अगले 5 दिनों के लिए गांधीनगर और अहमदाबाद में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान का पूर्वानुमान है.

अगले तीन से चार दिनों में इन राज्यों में पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में मानसून आने की स्थिति बन रही हैं.

भारत में 1 जून के बाद से 20 प्रतिशत कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार भारत में एक जून से मानसून अवधि की शुरुआत के बाद से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है. मौसम विभाग ने बताया कि भारत में एक से 18 जून के बीच 64.5 मिमी बारिश हुई, जो लंबी अवधि के 80.6 मिमी के औसत (एलपीए) से 20 प्रतिशत कम है. मौसम विभाग ने बताया कि एक जून से अब तक उत्तर-पश्चिम भारत में 10.2 मिमी बारिश (सामान्य से 70 प्रतिशत कम), मध्य भारत में 50.5 मिमी (सामान्य से 31 प्रतिशत कम), दक्षिण प्रायद्वीप में 106.6 मिमी (सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक) तथा पूर्व एवं उत्तर-पूर्व भारत में 146.7 मिमी (सामान्य से 15 प्रतिशत कम) बारिश हुई.

निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में 19 मई को पहुंच गया था मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 मई को निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंच गया था. इसके बाद 26 मई को चक्रवात रेमल के साथ ही मानसून दक्षिण के अधिकांश हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के मध्य के कुछ हिस्सों तक पहुंचा था. केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से क्रमशः दो और छह दिन पहले 30 मई को मानसून ने दस्तक दे दी थी. केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सभी हिस्सों, दक्षिणी महाराष्ट्र के अधिकतर क्षेत्रों, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा के कुछ भागों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अधिकतर हिस्सों, सिक्किम और सभी पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकांश हिस्सों में 12 जून तक मानसून दस्तक दे चुका था.

Also Read: Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में तेज हवाओं के साथ वर्षा-वज्रपात का अलर्ट, कैसा रहेगा कल का मौसम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >