खत्म हो जाएगी गहलोत सरकार... 2024 में दूरबीन से भी नहीं दिखेगी कांग्रेस, राजस्थान से अमित शाह की हुंकार

सभा में अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी पर छिड़े विवाद के बीच कहा कि वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण के लिए सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं. शाह ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे कह रहे हैं कि सनातन धर्म को खत्म कर देना चाहिए.

Rajasthan Assembly Election: राजस्थान में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, सियासी दलों के नेताओं का दौरा भी बढ़ता जा रहा है. इसी कड़ी में बीजेपी नेता सह केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी रविवार को राजस्थान के डूंगरपुर पहुंचे. यहां से अमित शाह भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ किया. अपनी यात्रा के दौरान अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि 2024 में कांग्रेस दूरबीन से भी नहीं दिखेगी. इस दौरान उन्होंने केंद्र की  मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई. अमित शाह ने लोगों से विधानसभा चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. वहीं अमित शाह ने बताया कि बीजेपी की परिवर्तन यात्रा 19 दिन में 2500 किमी घूमेगी और 52 विधानसभाओं से संपर्क करेगी. शाह ने कहा कि इस दौरान 156 जगह छोटी सभाएं, 52 जगह पर सभाएं और 56 जगह पर बड़ी सभाएं कर पूरे राजस्थान में परिवर्तन का संकल्प लेगी.

राज्य में कानून व्यवस्था न के बराबर, चरम पर भ्रष्टाचार- अमित शाह
लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गहलोत सरकार के राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, कानून व्यवस्था ताक है चली गई है. उन्होंने लोगों से कहा कि डूंगरपुर की धरती हमेशा से देशभक्तों की भूमि रही है. यहां के आदिवासियों ने महाराणा प्रताप के साथ मिलकर मुगलों को खदेड़ा था. शाह ने कहा कि जब परिवर्तन यात्रा खत्म होगी तो प्रदेश से गहलोत सरकार की भी विदाई हो जाएगी.

अमित शाह ने वसुंधरा राजे की जमकर की तारीफ
अपनी रैली में अमित शाह ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ भी की. शाह ने कहा कि विकास क्या होता है इसकी  परिभाषा राजे बता चुकी हैं. वहीं, उन्होंने सीएम अशोक गहलोत से सवाल किया कि यूपीए सरकार ने राजस्थान के लिए क्या किया है… उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने दस साल में एक लाख साठ हजार करोड़ दिया, जबकि पीएम मोदी ने राजस्थान को आठ साल में आठ लाख करोड़ दिए.

वोटबैंक के लिए सनातन धर्म का अपमान किया गया- अमित शाह
सभा में अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी पर छिड़े विवाद के बीच कहा कि वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण के लिए सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं. शाह ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे कह रहे हैं कि सनातन धर्म को खत्म कर देना चाहिए.भाजपा की दूसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरुआत के अवसर पर डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में आयोजित एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, इन लोगों ने वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए सनातन धर्म की बात की है. उन्होंने सनातन धर्म का अपमान किया है.

राहुल गांधी पर साधा निशाना

राजस्थान से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीते दो दिनों से भारतीय गठबंधन सनातन धर्म का अपमान कर रहा है. डीएमके और कांग्रेस के नेता सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन धर्म को खत्म करने की बात कर रहे हैं. यह पहली बार नहीं है उन्होंने हमारे सनातन धर्म का अपमान किया है. इससे पहले मनमोहन सिंह ने भी कहा था कि बजट पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है, लेकिन हम कहते हैं कि पहला हक गरीबों, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों का है. आज कांग्रेस पार्टी का कहना है कि अगर मोदी जी जीतेंगे तो सनातन राज करेगा. राहुल गांधी ने कहा कि हिंदू संगठन लश्कर-ए-तैयबा से भी ज्यादा खतरनाक हैं. राहुल गांधी ने हिंदू संगठनों की तुलना लश्कर-ए-तैयबा से की.


Also Read: एक देश, एक चुनाव के खिलाफ कांग्रेस.. राहुल गांधी का बड़ा बयान- भारतीय संघ समेत सभी राज्यों पर हमला

लोगों के दिलों पर है सनातन- अमित शाह

अमित शाह ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि आप हिंदू संगठनों की तुलना लश्कर-ए-तैयबा से करते हैं. आपके मंत्री कहते थे कि हिंदू आतंकवाद चल रहा है. विपक्षी गठबंधन को ‘घमंडिया गठबंधन’ बताते हुए शाह ने कहा कि गठबंधन वोट बैंक की राजनीति के लिए किसी भी हद तक जा सकता है, लेकिन वे जितना सनातन धर्म के खिलाफ बात करेंगे, उतना ही कम नजर आएंगे. उन्होंने कहा, वे कहते हैं कि अगर मोदी जीत गए तो सनातन शासन आ जाएगा. सनातन लोगों के दिलों पर राज कर रहा है. मोदी ने कहा है कि देश संविधान के आधार पर चलेगा. मोदी ने देश को सुरक्षित करने के लिए काम किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >