New Delhi: President Droupadi Murmu with CJI Justice N V Ramana during her oath ceremony in the Central Hall of Parliament, in New Delhi, Monday, July 25, 2022. (PTI Photo/Kamal Kishore) (PTI07_25_2022_000057A)
Copied link
President Oath Ceremony Live Updates: द्रौपदी मुर्मू को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाया गया है. संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित समारोह में प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के नाम अपने पहले संबोधन में कहा कि ये एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी. और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान द्रौपदी मुर्मू पारंपरिक संताली परिधान में नजर आयीं. यहां जानें पल पल का अपडेट…
4:26 AM. 26 Jul 224:26 AM. 26 Jul
भारत में गरीब भी सपने पूरे कर सकता है, मेरा निर्वाचन इस बात का सबूत: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
भारत की 15वीं राष्ट्रपति एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से आने वाली देश की पहली राष्ट्राध्यक्ष द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद कहा कि उनका निर्वाचन इस बात का सबूत है कि गरीब सपने देख भी सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है. राष्ट्रपति मुर्मू, देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली दूसरी महिला हैं.
4:26 AM. 26 Jul 224:26 AM. 26 Jul
विश्व नेताओं ने दी भारत की नयी राष्ट्रपति मुर्मू को बधाई
चीन, रूस, बांग्लादेश श्रीलंका और नेपाल के राष्ट्रपतियों समेत कई विश्व नेताओं ने भारत की नयी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी तथा भारत के साथ अपने-अपने देशों के बहुआयामी संबंधों को बढ़ाने के लिए उनके साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की.
11:24 PM. 25 Jul 2211:24 PM. 25 Jul
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी
पार्टी लाइन से हटकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोमवार को द्रौपदी मुर्मू को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत के लिए, खासकर गरीबों, हाशिए पर पड़े लोगों और दलितों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया. द्रोपदी मुर्मू को भारत के प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण ने संसद के सेंट्रल हॉल में पद की शपथ दिलाई.
11:24 PM. 25 Jul 2211:24 PM. 25 Jul
विपक्ष का आरोप, राष्ट्रपति के शपथ समारोह में खड़गे को पद के अनुरूप नहीं दी गई सीट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में सभी विपक्षी दलों ने राज्यसभा के सभापति को एक पत्र सौंपते हुए कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को आज उनके पद के अनुरूप सीट पर नहीं बैठाया गया था.
11:24 PM. 25 Jul 2211:24 PM. 25 Jul
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- देश में हो रही गड़बड़ी को संज्ञान में लें राष्ट्रपति
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का अभिनंदन करते हैं. एक आदिवासी महिला देश की राष्ट्रपति बनी हैं, इसकी हमें खुशी है. उनका कार्यकाल अच्छा हो वो लोकतंत्र, संविधान, सच्चाई की हिफाजत करें और जो आज देश में गड़बड़ी हो रही है उसको संज्ञान में लें.
7:47 PM. 25 Jul 227:47 PM. 25 Jul
पूरे देश में खुशी : अर्जुन मुंडा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि पहली आदिवासी महिला ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली. पूरे देश में खुशी है और इससे आदिवासी समाज को आने वाले दिनों में काफी प्रेरणा मिलेगी और आदिवासी समाज अपनी जीवन यात्रा नई तरीके से शुरू करेंगे.
7:47 PM. 25 Jul 227:47 PM. 25 Jul
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण से राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत प्रभावित
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण के एक-एक शब्द से मैं बहुत प्रभावित हुआ हूं. एक आदिवासी महिला ने जो अपनी भावना प्रकट की है वो तारीफ करने के लायक है. जो उन्होनें आज देश के सामने प्रण लिया है मैं उम्मीद करता हूं कि वे इस पर खरी उतरेंगी.
6:45 PM. 25 Jul 226:45 PM. 25 Jul
शपथ ग्रहण समारोह में ये थे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य मौजूद थे.
6:41 PM. 25 Jul 226:41 PM. 25 Jul
अमित शाह ने मुर्मू को राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने पर बधाई दी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने द्रौपदी मुर्मू को देश के राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने पर सोमवार को बधाई दी और उम्मीद जतायी कि उनका कार्यकाल भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा. मुर्मू ने भारत के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली है.
6:41 PM. 25 Jul 226:41 PM. 25 Jul
राम नाथ कोविंद को ट्राई सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर
राष्ट्रपति भवन में पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को ट्राई सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया. जिसका वीडियो भी सामने आया है.
6:41 PM. 25 Jul 226:41 PM. 25 Jul
रामनाथ कोविंद के नये घर 12 जनपथ पर पहुंचे जेपी नड्डा
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नये घर 12 जनपथ पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे हैं. आपको बता दें कि द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बन चुकीं हैं. आज सुबह ही उन्होंने राष्ट्रपति पद की शपथ ली है.
6:41 PM. 25 Jul 226:41 PM. 25 Jul
भारत के लिए यह एक महत्वपूर्ण क्षण : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेते हुए गर्व के साथ देखा, भारत के लिए यह एक महत्वपूर्ण क्षण है.
6:41 PM. 25 Jul 226:41 PM. 25 Jul
राष्ट्रपति मुर्मू को स्टालिन ने दी बधाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सेवाओं से राष्ट्र को लाभ होगा. साथ ही उन्होंने निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनका कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
पीएम नरेंद्र मोदी पहुंचे राष्ट्रपति भवन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति का पद ग्रहण कर लिया है. उनके साथ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी मौजूद हैं.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में दी गयी औपचारिक सलामी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का काफिला संसद से उनके आधिकारिक निवास राष्ट्रपति भवन के लिए प्रस्थान कर गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक सलामी दी गयी. उनके साथ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी मौजूद रहे.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
निर्वाचन में देश के गरीब का आशीर्वाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरे इस निर्वाचन में देश के गरीब का आशीर्वाद शामिल है, देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों के सपनों और सामर्थ्य की झलक है. उन्होंने कहा कि मेरे लिए बहुत संतोष की बात है कि जो सदियों से वंचित रहे, जो विकास के लाभ से दूर रहे, वे गरीब, दलित, पिछड़े तथा आदिवासी मुझ में अपना प्रतिबिंब देख रहे हैं.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक समय में जब भारत अगले 25 वर्षों के विजन को हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से जुटा हुआ है, मुझे ये जिम्मेदारी मिलना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है. उन्होंने कहा कि ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी. और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं. आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा. उन्होंने कहा कि भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित करने के लिए मैं सभी सांसदों और सभी विधानसभा सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं. आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति है.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
जोहार ! नमस्कार ! राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन जारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि जोहार ! नमस्कार ! मैं भारत के समस्त नागरिकों की आशा-आकांक्षा और अधिकारों की प्रतीक इस पवित्र संसद से सभी देशवासियों का पूरी विनम्रता से अभिनंदन करती हूं. आपकी आत्मीयता, विश्वास और आपका सहयोग, मेरे लिए इस नए दायित्व को निभाने में मेरी बहुत बड़ी ताकत होंगे.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
सभी को धन्यवाद : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में सभी को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि सबके प्रयास से उज्जवल भारत का निर्माण संभव है. देश के नागरिकों का विनम्रता से अभिनंदन करती हूं. मैं देश के लोगों को कारिगल विजय दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देती हूं.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू
CJI एनवी रमना ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी. वे भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनीं. वे देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं. सर्वोच्च संवैधानिक पद संभालने वाली पहली आदिवासी महिला और स्वतंत्र भारत में पैदा होने वाली पहली राष्ट्रपति हैं.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की 15वीं राष्ट्रपति
प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिला दी है. वह देश की 15वीं राष्ट्रपति बन चुकीं हैं. मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति बनीं हैं. वह राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं. संसद के सेंट्रल हॉल में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी गयी.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
कुछ देर में नये राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण, पीएम मोदी पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंच चुके हैं. कुछ देर में नये राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा. इस क्षण का इंतजार पूरे देश की जनता को है.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी
गृह मंत्रालय ने बताया कि इसके बाद मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी और फिर राष्ट्रपति का संबोधन होगा. मुर्मू (64) ने गुरुवार को विपक्षी दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर इतिहास रच दिया.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
राष्ट्रपति भवन में निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू निकलीं
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि समारोह सोमवार को सुबह करीब सवा 10 बजे होगा. राष्ट्रपति भवन से द्रौपदी मुर्मू निकल चुकीं हैं. निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी जिसका वीडियो सामने आया है.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन पहुंचीं
द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन पहुंच चुकीं हैं. यहां उनका स्वागत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि समारोह सोमवार को सुबह करीब सवा 10 बजे होगा.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मुर्मू ने राजघाट में पुष्पांजलि अर्पित की
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजघाट स्थित महात्मा गांधी के स्मारक पर सोमवार सुबह पुष्पांजलि अर्पित की. प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण संसद भवन के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में मुर्मू को देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में सोमवार को शपथ ग्रहण कराएंगे.
5:22 PM. 25 Jul 225:22 PM. 25 Jul
मुर्मू ने राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की
निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सुबह अपने आवास से राजघाट के लिए रवाना हुईं. मुर्मू ने दिल्ली के राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की. आज वह संसद के सेंट्रल हॉल में देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी.
5:13 PM. 25 Jul 225:13 PM. 25 Jul
समारोह में बेटी-दामाद व भाई-भाभी मौजूद रहेंगे
समारोह में द्रौपदी मुर्मू के बेटी-दामाद व भाई-भाभी मौजूद रहेंगे. समारोह में आदिवासी संस्कृति दिखेगी. बताया जा रहा है कि द्रौपदी मुर्मू शपथ संताली परिधान में ले सकती हैं. वह आजादी के 75वें वर्ष में पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी. प्रधान न्यायाधीश उन्हें शपथ दिलायेंगे. सुबह 10:15 बजे से संसद के केंद्रीय कक्ष में समारोह शुरू होगा. द्रौपदी मुर्मू की भाभी सुकरी टुडू पूर्वी संताल समुदाय की महिलाओं द्वारा पहनी जानेवाली एक खास साड़ी व पारंपरिक मिठाई अरिसा पिठा लेकर रायरंगपुर से दिल्ली आयी हैं.
2:14 PM. 25 Jul 222:14 PM. 25 Jul
अमेरिकी राष्ट्रपति का संदेश
मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने संदेश में कहा कि एक आदिवासी महिला का राष्ट्रपति जैसे पद पर पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है. मुर्मू का निर्वाचन इस बात का प्रमाण है कि जन्म नहीं, व्यक्ति के प्रयास उसकी नियति तय करते हैं.
2:14 PM. 25 Jul 222:14 PM. 25 Jul
द्रौपदी मुर्मू से मिले सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने दिल्ली में रविवार को देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. उनको राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी. सीएम रविवार देर शाम रांची लौट आये, उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में मेरी ओर से सांसद महुआ माजी और विजय हांसदा उपस्थित रहेंगे.
2:09 PM. 25 Jul 222:09 PM. 25 Jul
इतिश्री अपने पति गणेश हेंब्रम के साथ दिल्ली में
द्रौपदी मुर्मू की पुत्री इतिश्री अपने पति गणेश हेंब्रम के साथ दिल्ली पहुंच गयी हैं. भाजपा के एक नेता ने कहा कि समारोह में नव निर्वाचित राष्ट्रपति के परिवार के केवल चार सदस्य – भाई, भाभी, बेटी व दामाद ही शामिल होंगे. ओड़िशा के मयूरभंज जिले की कुसुमी तहसील के छोटे से गांव उपरबेड़ा के संताल आदिवासी परिवार से ताल्लुक रखनेवाली 64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला राज्यपाल भी रही हैं. शपथ ग्रहण समारोह में निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ ही उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे.
मुख्य बातें
President Oath Ceremony Live Updates: द्रौपदी मुर्मू को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाया गया है. संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित समारोह में प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के नाम अपने पहले संबोधन में कहा कि ये एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी. और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान द्रौपदी मुर्मू पारंपरिक संताली परिधान में नजर आयीं. यहां जानें पल पल का अपडेट…