Delhi Building Collapse : सत्य निकेतन में पीजी की इमारत जमींदोज होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. हादसे के झटके से आसपास के कई भवनों की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे उनके भी गिरने का खतरा पैदा हो गया है.
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने इलाके के सभी नजदीकी हॉस्टल, जिनमें लड़कियों के पीजी भी शामिल हैं, तुरंत खाली करवा लिए हैं. खतरनाक स्थिति को देखते हुए पास की इमारतों को लोहे के जैक के सहारे रोका गया है, ताकि कोई और बड़ा हादसा न हो.
'डर का माहौल था, कॉलेज और दोस्तों ने संभाला'
पास के हॉस्टल में रहने वाले छात्र विशाल ने आंखों देखा हाल बयां करते हुए बताया कि इमारत गिरते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई थी. इसके बाद दरारें दिखने पर आनन-फानन में सभी हॉस्टल खाली करा दिए गए. बेघर हुए छात्र रातभर सिर छिपाने के लिए भटकते रहे.
कई छात्रों ने अपने दोस्तों या रिश्तेदारों के फ्लैट पर रात काटी. वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय कॉलेजों ने भी अपने दरवाजे छात्रों के लिए खोल दिए, जहां उनके रहने और खाने का तुरंत इंतजाम किया गया.
छात्रों में भारी दहशत, भविष्य को लेकर चिंता
साउथ कैंपस के इस प्रमुख छात्र इलाके में फिलहाल सन्नाटा और डर पसरा हुआ है. अपने साथियों को मलबे से निकलते देख छात्र गहरे सदमे में हैं. कई छात्र अपना जरूरी सामान समेटकर अस्थायी तौर पर अपने घर या सुरक्षित ठिकानों की ओर निकल पड़े हैं.
छात्रों का कहना है कि पीजी संचालकों की लापरवाही और बिना सुरक्षा जांच के खड़ी की जा रही बहुमंजिला इमारतों ने आज सैकड़ों जिंदगियों को सीधे मौत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: Delhi Building Collapse Photos : ताश के पत्तों की तरह ढह गया PG; मलबे में दबे छात्रों के रेस्क्यू की 8 तस्वीरें
