Defence: भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा

मंत्रालय के अनुसार पिछले साल के मुकाबले रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों का निर्यात में 151 फीसदी और निजी क्षेत्र के रक्षा कंपनियों के निर्यात में 14 फीसदी की वृद्धि हुई है.

Defence: रक्षा उपकरण के मामले में आयात पर निर्भर भारत ने अब निर्यात के मामले में रिकॉर्ड बनाया है. दुनिया में दूसरा सबसे अधिक रक्षा उपकरण खरीदने वाला देश अब 80 देशों को मेड इन इंडिया हथियारों की बिक्री कर रहा है. वित्त वर्ष 2025-26 में रक्षा निर्यात 38424 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह 23622 करोड़ रुपये था. इस दौरान रक्षा निर्यात में 14802 करोड़ रुपये (62.66 फीसदी) की वृद्धि दर्ज की गयी. रक्षा मंत्रालय के अनुसार निर्यात में रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों (डीपीएसयू) की 54.84 फीसदी और निजी क्षेत्र की 45.16 फीसदी हिस्सेदारी रही. 

मंत्रालय के अनुसार पिछले साल के मुकाबले रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों का निर्यात में 151 फीसदी और निजी क्षेत्र के रक्षा कंपनियों के निर्यात में 14 फीसदी की वृद्धि हुई है. निजी क्षेत्र की ओर से 17353 करोड़ रुपये और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की ओर से 21071 करोड़ रुपये मूल्य के रक्षा उपकरणों का निर्यात किया गया. जबकि पिछले साल निजी कंपनियों ने 8389 करोड़ रुपये और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने 15233 करोड़ का निर्यात किया था. 

पिछले पांच साल में रक्षा निर्यात में तीन गुणा की वृद्धि

पिछले पांच साल में रक्षा निर्यात में तीन गुना की वृद्धि दर्ज की गयी है. रक्षा मंत्रालय का कहना है कि निर्यात बढ़ने से साफ जाहिर हाेता है कि भारतीय रक्षा उपकरणों की वैश्विक स्तर पर मांग बढ़ रही है और भारतीय उत्पादों के प्रति भरोसा बढ़ा है. वित्त वर्ष 2025-26 तक 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है और निर्यातकों की संख्या पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 13.3 फीसदी बढ़कर 128 से 145 हो गयी है. व्यापार सुगमता और रक्षा निर्यातकों को सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार के प्रयासों से वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी रक्षा उद्योग का विकास हो रहा है. 

रक्षा उत्पादन विभाग ने रक्षा निर्यातकों की सहायता के लिए एक नया ऑनलाइन पोर्टल और प्राधिकरणों के लिए सरलीकृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के जरिये रक्षा निर्यात नियामक प्रक्रियाओं को आसान करने का काम किया है. रक्षा निर्यात बढ़ने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर रक्षा उपकरणों के निर्माण का हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा आयातक से निर्यातक देश बनने की राह पर चल पड़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vinay tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >