coronavirus outbreak : कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रपति भवन आम जनता के लिए बंद

Coronavirus: कोरोना वायरस भारत में तेजी से पांव पसार रहा है. 13 और नये केस सामने आये हैं. देशभर में इससे पीडित मरीजों की संख्‍या 73 हो गयी है.

Live Updates
10:13 PM. 12 Mar 20 10:13 PM. 12 Mar

कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रपति भवन आम जनता के लिए बंद

कोरोना वायरस के बढ़ते कहर के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन को एहतियाती तौर पर शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद किया जा रहा है. आधिकारिक प्रवक्ता की ओर से जारी बयान के अनुसार राष्ट्रपति भवन अगले आदेश तक शुक्रवार से आम जनता के लिए बंद रहेगा। प्रवक्ता ने कहा, इसके अलावा, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय (आरबीएमसी) और ‘चेंज ऑफ द गार्ड सेरेमनी’ भी शुक्रवार से अगले आदेश तक बंद रहेगी.

10:13 PM. 12 Mar 20 10:13 PM. 12 Mar

दिल्‍ली में कोरोना वायरस महामारी घोषित, 31 मार्च तक सभी सिनेमाघर बंद

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस को दिल्‍ली में महामारी घोषित कर दिया है. इसके साथ ही उन्‍होंने 31 मार्च तक सभी सिनेमा हॉल बंद करने का आदेश दिया है. इसके अलावा उन्‍होंने कहा, जिन स्कूलों और कॉलेजों में परीक्षा नहीं हो रही है, वे भी बंद रहेंगे.

10:13 PM. 12 Mar 20 10:13 PM. 12 Mar

कोरोना का भय, पीएम मोदी ने मंत्रियों को विदेश यात्रा करने से रोका

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लोगों से दहशत में नहीं आने और कोरोना के खिलाफ सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कोई भी मंत्री आने वाले दिनों में विदेश नहीं जाएंगे.

पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा कि सरकार कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न परिस्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं.

10:13 PM. 12 Mar 20 10:13 PM. 12 Mar

हरियाणा में कोरोना वायरस महामारी घोषित

हरियाणा सरकार ने बृहस्पतिवार को घातक कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुधवार तक 44 संदिग्ध मामलों के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया, जिनमें से 38 की रिपोर्ट नकारात्मक आई है और छह की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट में कहा, कोविड -19 को हरियाणा में महामारी घोषित किया गया है.

किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए राज्य के सरकारी और निजी अस्पतालों में 270 से अधिक पृथक वार्ड बनाए गए हैं जहां 1206 बिस्तरों की व्यवस्था रखी गई है.

10:13 PM. 12 Mar 20 10:13 PM. 12 Mar

कोरोना वायरस का नकली टीका लगाने के मामले में तीन महिलाएं गिरफ्तार

महाराष्ट्र के जालना जिले में ग्रामीणों को कोरोना वायरस का नकली टीका लगाने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि बीड की रहने वाली राधा रामनथ सामसे, सीमा कृष्णा अंढाले और संगीता राजेन्द्र अवहाड को बधुवार को गिरफ्तार किया गया. वे खुद को डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी बताती थीं.

उन्होंने बताया कि तीनों अम्बद तहसील के पिपलगांव के लोगों से मिली और उन्हें कोरोना वायरस से बचाने वाला नकली टीका लगाया.

10:13 PM. 12 Mar 20 10:13 PM. 12 Mar

कोरोना वायरस के मद्देनजर बीजद के एक सदस्य ने संसद में थर्मल इमेजिंग लगाने की मांग की

लोकसभा में बीजद सदस्य पिनाकी मिश्रा ने बृहस्पतिवार को मांग की कि देश दुनिया में कोरोना वायरस फैसने के मद्देनजर संसद भवन परिसर में भी थर्मल इमेजिंग उपकरण स्थापित किया जाए.

लोकसभा में कोरोना वायरस पर विदेश मंत्री एस जयशंकर के जवाब के दौरान बीजद सदस्य ने कहा कि ईरान में कई सांसद जांच में कोरोना वायरस के सकारात्मक पाये गए हैं. उन्होंने कहा कि कृपया संसद में भी थर्मल इमेजिंग स्थापित किया जाए.

2:02 PM. 12 Mar 20 2:02 PM. 12 Mar

लद्दाख में एक और संक्रमित

लद्दाख में एक और व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया. इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति का ईरान यात्रा का इतिहास है. नये मामले के साथ केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर तीन हो गयी है.

2:02 PM. 12 Mar 20 2:02 PM. 12 Mar

भारत के 12 राज्यों में कोरोना का कहर

कोरोना वायरस ने देश के अब तक 12 राज्यों में पांप पसार लिया है. सबसे अधिक कोरोना के मामले केरल से सामने आये हैं जहां मरीजों की संख्‍या 17 हो गयी है. इसके बाद में महाराष्ट्र में 11 लोग कोरोना पोजिटिव पाये गये हैं. उत्तर प्रदेश में भी 10 कोरोना के मामले सामने आये हैं. दिल्ली में 6 मामलों की पुष्टि हुई है.

1:32 PM. 12 Mar 20 1:32 PM. 12 Mar

73 मामले आये सामने

भारत में कोरोना के और 13 नये केस सामने आये हैं. देशभर में अबतक 73 मामले सामने आ चुके हैं. लोकसभा में स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बयान देते हुए कहा कि स्क्रीनिंग में कोई खामी नहीं है. हो सकता है शख्स में लक्षण बाद में दिखें. उन्होंने बताया कि फिलहाल 30 एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की सुविधा है. उन्होंने सदन में बताया कि हर एक लैब में कोरोना वायरस का टेस्ट नहीं हो सकता. फिलहाल करीब 100 जगहों पर टेस्ट कर रहे. ईरान में पूरी लैब भेजी गयी है, जिनसे भारतीयों की जांच होगी. बाद में यह लैब ईरान को ही दे दी जाएगी. ईरान से सैंपल यहां ला रहे, टेस्ट कर रहे. फिर नेगेटिव वालों को वापस लाकर अलग रख रहे.

12:39 PM. 12 Mar 20 12:39 PM. 12 Mar

विदेश मंत्री ने कही ये बात

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि कोरोना वायरस का फैलना चिंता का विषय है, हमें जिम्मेदारी के साथ प्रतिक्रिया करने की जरूरत है.

12:39 PM. 12 Mar 20 12:39 PM. 12 Mar

वुहान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में भारी कमी

चीन में अब कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आ रही है. बुधवार को संक्रमण के चलते 11 लोगों की मौत के साथ ही चीन में यह आंकड़ा 3,169 तक पहुंच गया. हालांकि, कोरोना वायरस से सवार्धिक प्रभावित वुहान में पहली बार संक्रमण का आंकड़ा आठ नये मामलों के साथ गिरकर एकल संख्या में पहुंच गया. वहीं, ‘कोविड-19 के आयातित मामलों’ में उछाल देखने को मिला है.

12:39 PM. 12 Mar 20 12:39 PM. 12 Mar

क्या ओलिंपिक भी कैंसल होंगे?

कोरोना के डर से क्या ओलिंपिक भी कैंसल होंगे? इस सवाल का जवाब देते हुए तोक्यो की गर्वनर यूरीको कोइकी ने कहा- असंभव…

12:39 PM. 12 Mar 20 12:39 PM. 12 Mar

कोरोना के चलते हवाई अड्डों पर घटी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या

नागर विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि कारोना वायरस के चलते देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या में कमी आयी है तथा आगे इसमें और भी कमी हो सकती है. सदन में प्रश्नकाल के दौरान मनीष तिवारी, दयानिधि मारन और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में पुरी ने कहा कि देश में 30 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं. इन हवाई अड्डों पर रोजाना आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या औसतन 70 हजार थी जो कोरोना वायरस के मामले आने के बाद से घटकर 62 हजार रह गयी. आने वाले समय में यह संख्या घटकर 40 हजार तक हो सकती है.

12:39 PM. 12 Mar 20 12:39 PM. 12 Mar

दिल्ली हाई कोर्ट ने ईरान में फंसे भारतीय छात्रों से संपर्क करने का दिया निर्देश

दिल्ली हाई कोर्ट ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर केंद्र को ईरान में फंसे भारतीय छात्रों से संपर्क करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने केंद्र से कहा कि ईरान में फंसे भारतीय छात्रों को वहां से निकालने के लिए कोई उचित योजना बताएं.

12:39 PM. 12 Mar 20 12:39 PM. 12 Mar

हरियाणा में कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया गया

हरियाणा सरकार ने गुरुवार को घातक कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया गया. स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक ट्वीट में कहा- कोविड-19 हरियाणा में महामारी घोषित किया गया है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुधवार तक 44 संदिग्ध मामलों के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है, जिनमें में 38 की रिपोर्ट निगेटिव आयी हैं और छह रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

10:25 AM. 12 Mar 20 10:25 AM. 12 Mar

रैलियों पर असर

कोरोना का असर पार्टियों की रैलियों में भी नजर आ रहा है. नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता नवाब मलिक ने कहा कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए उन्होंने रैलियां और बैठक कैंसल कर दी हैं.

9:00 AM. 12 Mar 20 9:00 AM. 12 Mar

कोरोना वायरस की चपेट में हॉलीवुड एक्टर टॉम

कोरोना वायरस ने हॉलीवुड एक्टर टॉम हैंक्स को भी चपेट में ले लिया है. उन्होंने अपने कोरोना वायरस पॉजेटिव होने की बात इस ट्वीट के जरिए बतायी है.

8:51 AM. 12 Mar 20 8:51 AM. 12 Mar

कोविड-19 को महामारी कहा जा सकता है: विश्व स्वास्थ्य संगठन

विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने बुधवार को कहा कि नये कोरोना वायरस को अब महामारी कहा जा सकता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अध्यक्ष टेड्रॉस गेब्रेयेसस ने जेनेवा में संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 को अब महामारी कहा जा सकता है. हमने कोरोना की ऐसी महामारी कभी नहीं देखी है.

8:51 AM. 12 Mar 20 8:51 AM. 12 Mar

एयर इंडिया ने रोम, मिलान, सियोल के लिए अपनी उड़ानें अस्थाई रूप से निलंबित कीं

एयर इंडिया ने बुधवार की रात कहा कि वह रोम, मिलान और सिओल के लिए अपनी उड़ानें अस्थाई रूप से बंद कर रही हैं. विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि रोम (इटली) के लिए सेवाएं 15 से 25 मार्च तक बंद रहेंगी. वहीं मिलान (इटली) और दक्षिण कोरिया की राजधानी के लिए उड़ानें 14 से 28 मार्च तक निलंबित रहेंगी. सरकार की ओर से सभी पर्यटक वीजा 15 अप्रैल तक के लिए निलंबित किए जाने के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है.

8:45 AM. 12 Mar 20 8:45 AM. 12 Mar

ठाणे जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन कानून लागू किया

ठाणे जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए किसी भी हालात से निपटने के लिए ‘आपदा प्रबंधन कानून’ लागू कर दिया है. महाराष्ट्र में अब तक इस संक्रमण के 11 मामले सामने आये हैं, इनमें से आठ पुणे से, दो मुंबई से और एक नागपुर से है. जिलाधिकारी राजेश नारवेकर ने ठाणे में आपदा प्रबंधन कानून लागू करने की घोषणा की. नारवेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख भी हैं. अधिकारियों ने कहा कि ठाणे मुंबई से सटा हुआ है और ऐसे में यहां कई पर्यटक आते हैं. इसलिए वायरस को फैलने से रोकने के लिए तत्काल उपाय करने की आवश्यकता थी.

8:45 AM. 12 Mar 20 8:45 AM. 12 Mar

मोदी सरकार का अहम फैसला

तेजी से पांव पसार रहे कोरोना वायरस से निपटने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने कई अहम फैसले लिये है. एक के बाद एक स्वास्थ्य और विमानन मंत्रालय ने कई नोटिफिकेशन जारी किये हैं. इसके अमल में आते ही भारत अगले एक महीने तक पूरी दुनिया से खुद को अलग-थलग कर लेगा. इसका मकसद साफ है कि भारत मैन टू मैन कॉन्टैक्ट से फैल रहे वायरस पर कंट्रोल करना चाहता है.

1:39 PM. 12 Mar 20 1:39 PM. 12 Mar

Coronavirus: कोरोना वायरस भारत में तेजी से पांव पसार रहा है. गुरुवार को 13 और नये केस सामने आये हैं. देशभर में इससे पीडित मरीजों की संख्‍या 73 हो गयी है. इससे पहले बुधवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में कोरोना वायरस की चपेट में आये 76 वर्षीय संदिग्ध व्यक्ति की मौत हो गयी है जिसने भारत के लोगों के मन में भय पैदा कर दिया है. मृतक की मौत के बाद नमूने जांच के लिए बेंगलुरु प्रयोगशाला भेजे गये हैं. यदि इस बात की पुष्टि हो जाती है कि व्यक्ति की मौत का कारण कोरोना वायरस ही था, तो यह भारत में इस संक्रमण से हुई पहली मौत का मामला होगा. कोरोना वायरस से संबंधित ताजा अपडेट के लिए बनें रहें हमारे साथ…

मुख्य बातें

Coronavirus: कोरोना वायरस भारत में तेजी से पांव पसार रहा है. 13 और नये केस सामने आये हैं. देशभर में इससे पीडित मरीजों की संख्‍या 73 हो गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >