यात्रीगण कृपया ध्‍यान दें! Coronavirus के कारण 155 ट्रेनें हो गयीं हैं रद्द

coronavirus: देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 169 हो गई है. यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है.

कोरोना वायरस के मामले भारत में भी बढ़ते जा रहे हैं. जहां इस वायरस की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गयी है.वहीं देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 169 हो चुकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. इधर, कोरोना वायरस का असर भारतीय रेलवे पर भी नजर आने लगा है. रेलवे ने सीटें खाली रहने और कोरोना वायरस को लेकर एहतियाती उपाय के तहत बुधवार को 100 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द कर दिया.

रेलवे ने 31 मार्च तक 84 और ट्रेनों को किया रद्द

रेलवे ने कोरोना वायरस के खतरे और यात्रियों की कम संख्या के कारण बृहस्पतिवार को 84 और ट्रेनों को रद्द कर दिया जो 20 से 31 मार्च के बीच नहीं चलेंगी. अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही रद्द ट्रेनों की कुल संख्या 155 पर पहुंच गयी है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जिन ट्रेनों को रद्द किया जाना था उनकी पहचान कल रात कर ली गयी और यह फैसला 20 मार्च से 31 मार्च तक लागू रहेगा.

यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से किया जा रहा है सूचित

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इन 155 ट्रेनों में टिकट कराने वाले सभी यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से इसके बारे में सूचित किया जा रहा है. इन ट्रेनों के लिए टिकट रद्द करने पर लगने वाला शुल्क नहीं वसूला जाएगा. यात्रियों को 100 प्रतिशत किराया वापस मिलेगा.

बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में मुश्किल तो…

राष्ट्रीय परिवाहक ने अपने कैटरिंग कर्मचारियों के लिए जोनल मुख्यालयों को दिशा निर्देश भी जारी किये थे जिसमें कहा गया कि बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में मुश्किल होने की शिकायत करने वाले किसी भी कर्मचारी को भारतीय रेलवे में भोजन बनाने से जुड़े किसी भी काम में तैनात न किया जाए. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में गुरुवार को कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 169 हो गये. देश के विभिन्न हिस्सों से 18 नये मामले सामने आये.

कोरोना वायरस : 50 रुपये तक किये जा सकते हैं प्लेटफार्म टिकट के दाम

कोरोना वायरस के मद्देनजर भीड़ कम करने के मकसद से दक्षिण-पूर्व रेलवे (एसईआर) और पूर्व तटीय रेलवे ने बुधवार को प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी तौर पर प्लेटफॉर्म टिकट के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। एसईआर के प्रवक्ता संजय घोष ने बताया कि प्लेटफॉर्म टिकट के दाम 20 से 50 रुपये के बीच तय किए जा सकते हैं. वर्तमान में प्लेटफार्म टिकट का दाम दस रुपये है. उन्होंने कहा कि नयी दरें गुरुवार से लागू हो सकती हैं. वहीं, पूर्व तटीय रेलवे के दस बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के लिए 50 रुपये का भुगतान करना होगा.

पहल : पीएम मोदी आज देश को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस के प्रकोप को लेकर उत्पन्न हो रही स्थिति और इससे निबटने के लिए किये जा रहे प्रयासों को लेकर गुरुवार की रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे. पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी कोरोना वायरस से संबंधित मुद्दों और इससे निबटने के प्रयासों पर बात करेंगे.

सख्ती : साबुन, थर्मल स्कैनर व डिटॉल पर नजर

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि सरकार साबुन, फर्श और हाथ की सफाई वाले क्लीनर व थर्मल स्कैनर जैसी वस्तुओं के दामों पर नजर रख रही है. इन्हें भी आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत लाया जा सकता है. राशन की दुकानों से सस्ता अनाज पाने के हकदार लोगों को छह माह का राशन एक साथ उठाने की छूट दी जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

Published by: Prabhat Khabar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >