रूसी राष्ट्रपति पुतिन सितंबर में इस दिन आएंगे भारत, BRICS समिट में होंगे शामिल

BRICS Summit: सितंबर महीने में ब्रिक्स देशों का वार्षिक शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित हो रहा है. भारत चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है. इस सम्मेलन में हिस्सा लेने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत आने वाले हैं.

BRICS Summit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. दक्षिण अफ्रीका में रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी पुष्टि की है. एक साल में यह रूसी राष्ट्रपति की दूसरी भारत यात्रा होगी. इससे पहले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए दिसंबर 2025 में पुतिन ने भारत का दौरा किया था. अब एक बार फिर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वो भारत आने वाले हैं.

भारत कर रहा है ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी

इस बार ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत कर रहा है. भारत ने साल 2012, 2016 और 2021 के बाद चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है.

21 सालों में 13 गुना बढ़ा ब्रिक्स देशों का व्यापार

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बीते दिनों गुजरात के गांधीनगर में ब्रिक्स देशों के व्यापार और आर्थिक मामलों से जुड़े अधिकारियों की एक बैठक में बताया कि ब्रिक्स देशों के बीच वस्तु व्यापार (Commodity Trading) में 13 गुना इजाफा हुआ है. उन्होंने बताया कि साल 2003 में 84 अरब डॉलर से बढ़कर 2024 में यह 1.17 लाख करोड़ डॉलर हो गया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह व्यापार अब भी वैश्विक व्यापार का केवल करीब पांच प्रतिशत है.

कई नये देश बने हैं ब्रिक्स के सदस्य

ब्रिक्स में शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे. साल 2024 में इसका विस्तार कर इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को भी शामिल किया गया. साल 2025 में इंडोनेशिया भी इस समूह का सदस्य बना. ब्रिक्स दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है जो वैश्विक आबादी का लगभग 49.5 प्रतिशत, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का करीब 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का लगभग 26 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है.

Also Read: ग्रीन एनर्जी से लेकर ब्लू इकोनॉमी तक, पीएम मोदी ने नॉर्डिक नेताओं के साथ की द्विपक्षीय वार्ता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >