Breaking News: एसबीआई ने डिपॉजिट पर ब्याज 0.05 फीसदी घटाया
Copied link
Breaking News LIVE Today: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली में AICC कार्यालय में अपना वोट डाल दिया है. CBI आज डिप्टी सीएम और AAP नेता मनीष सिसोदिया से आबकारी नीति मामले में पूछताछ कर रही है. देशभर के करोड़ों किसानों के खाते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12वीं किस्त ट्रांसफर कर दी है. देश और दुनिया की बड़ी खबरों के लिए बनें रहें हमारे साथ
4:16 AM. 18 Oct 224:16 AM. 18 Oct
एसबीआई ने डिपॉजिट पर ब्याज 0.05 फीसदी घटाया
देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने बचत खाते में जमा पर मिलने वाली ब्याज दर को 0.05 फीसदी घटाकर 2.70 फीसदी कर दिया है. बैंक के अनुसार, नई दरें 15 अक्टूबर और 10 करोड़ रुपये से कम की जमा राशि पर लागू होगी. इस पर बैंक पहले प्रति वर्ष 2.75 फीसदी की ब्याज देता था. बचत खाते में 10 करोड़ रुपये और उससे अधिक की शेष राशि पर एसबीआई ने जमा दरों को पहले के 2.75 फीसदी से बढ़ाकर तीन फीसदी प्रति वर्ष कर दिया है. वहीं, बैंक ऑफ बड़ौदा ने विभिन्न मुद्राओं और परिपक्वता अवधि में विदेशी मुद्रा प्रवासी (एफसीएनआर) जमा पर ब्याज दरों में 1.35 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है. बैंक ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि नई जमा दरें 16 अक्टूबर, 2022 से प्रभावी हैं और 15 नवंबर, 2022 तक लागू रहेंगी.
3:31 AM. 18 Oct 223:31 AM. 18 Oct
रूसी सैन्य विमान आवासीय भवन में दुर्घटनाग्रस्त
रूसी समाचार एजेंसियों के हवाले से खबर है, एक सैन्य वि��ान दक्षिणी रूसी शहर येस्क में एक आवासीय भवन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में किसी के मारे जाने या हादसे के पीछे की वजह की फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पायी है. रूस की सेना ने कहा कि उसके एक युद्धक विमान के इंजन ने काम करना बंद कर दिया और वह अजोव सागर पर येस्क बंदरगाह में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
2:29 AM. 18 Oct 222:29 AM. 18 Oct
मनीष सिसोदिया से सीबीआई की पूछताछ खत्म
शराब घोटाला मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सीबीआई की पूछताछ खत्म हो गई है.
12:54 AM. 18 Oct 2212:54 AM. 18 Oct
गुजरात सरकार ने CNG & PNG में 10 प्रतिशत VAT घटाया
गुजरात सरकार ने सीएनजी और पीएनजी पर वैट (मूल्य वर्धित कर) 10% घटाया. गुजरात के मंत्री जीतू वघानी ने इसकी घोषणा की.
12:54 AM. 18 Oct 2212:54 AM. 18 Oct
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ 9 नवंबर को लेंगे भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में 9 नवंबर 2022 को औपचारिक शपथ लेंगे. कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने ट्वीट किया और लिखा, भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति ने डॉ न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ को 9 नवंबर 2022 से भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया.
11:56 PM. 17 Oct 2211:56 PM. 17 Oct
गुड़गांव में इफको चौक के पास सूटकेस में महिला का शव बरामद
गुड़गांव : डीसीपी वेस्ट दीपक सहारन ने कहा कि इफको चौक के पास सूटकेस में एक 20-25 साल की महिला का फेंका हुआ शव बरामद किया गया है. उन्होंने कहा कि महिला की कहीं और हत्या करके यहां पर फेंका गया है. सूटकेस में डाला गया शव अभी ताजा है और प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे अस्पताल भेज दिया गया है. अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है. आगे की जांच जारी है.
11:56 PM. 17 Oct 2211:56 PM. 17 Oct
सिंडिकेट बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में ईडी ने हिमांशु वर्मा को किया गिरफ्तार
ईडी ने 15 अक्टूबर को 1,257 करोड़ रुपये के सिंडिकेट बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में एक प्रमुख साजिशकर्ता हिमांशु वर्मा को गिरफ्तार किया. जयपुर की एक विशेष अदालत ने उन्हें 25 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया. उनकी 14.88 करोड़ रुपये की विभिन्न संपत्तियां कुर्क की गई हैं.
11:56 PM. 17 Oct 2211:56 PM. 17 Oct
दिल्ली में 90वीं इंटरपोल महासभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में 90वीं इंटरपोल महासभा को संबोधित करेंगे. बैठक में इंटरपोल के 195 सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे, जिनमें मंत्री, देशों के पुलिस प्रमुख, राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के प्रमुख और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे.
11:56 PM. 17 Oct 2211:56 PM. 17 Oct
कश्मीरी पंडित की हत्या के विरोध में श्रीनगर में प्रदर्शन
जम्मू-कश्मीर : 15 अक्टूबर को शोपियां में आतंकवादियों द्वारा मारे गए एक कश्मीरी पंडित पूरन कृष्ण भट की हत्या के खिलाफ श्रीनगर में ऑल पार्टी हुर्रियत कार्यालय के होर्डिंग को हटाकर प्रदर्शनकारियों ने अपना गुस्सा व्यक्त किया.
11:56 PM. 17 Oct 2211:56 PM. 17 Oct
‘आप’ सांसद संजय सिंह हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को निषेधाज्ञा का कथित तौर पर उल्लंघन करने के लिए सीबीआई मुख्यालय के बाहर हिरासत में ले लिया है.
11:56 PM. 17 Oct 2211:56 PM. 17 Oct
पीएम मोदी ने पीएम-किसान योजना की 12वीं किस्त जारी की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यहां स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के पूसा मेला ग्राउंड में दो दिवसीय “पीएम किसान सम्मान सम्मेलन 2022” का उद्घाटन किया और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत 16 हजार करोड़ रुपये की 12वीं किस्त जारी की.
8:07 PM. 17 Oct 228:07 PM. 17 Oct
पीएम मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय उर्वरक ई-पत्रिका का लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय उर्वरक ई-पत्रिका का लोकार्पण किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज एक ऐसा अवसर है कि इस एक ही परिसर में, एक ही मंच पर स्टार्टअप्स भी हैं और देश के लाखों किसान भी हैं. जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान…एक प्रकार से ये समारोह इस मंत्र का जीवंत स्वरूप हमें नजर आ रहा है. उन्होंने कहा कि आज इस महत्वपूर्ण मंच से किसानों के जीवन को और आसान बनाने, किसानों को और अधिक समृद्ध बनाने और हमारी कृषि व्यवस्थाओं को और आधुनिक बनाने की दिशा में कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं.
8:07 PM. 17 Oct 228:07 PM. 17 Oct
कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने डाला वोट
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली में AICC कार्यालय में अपना वोट डाला. कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेंगलुरु में अपना वोट डाला.
8:07 PM. 17 Oct 228:07 PM. 17 Oct
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटिंग AICC कार्यालय में शुरू
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटिंग AICC कार्यालय में सुबह 10 बजे शुरू हो चुकी है. इससे पहले कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने मतदान बूथ का निरीक्षण किया.
8:07 PM. 17 Oct 228:07 PM. 17 Oct
गुजरात में भाजपा बुरी तरह से हार रही है
CBI आज डिप्टी सीएम और AAP नेता मनीष सिसोदिया से आबकारी नीति मामले में पूछताछ करेगी. इससे पहले डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने कहा कि मेरे खिलाफ जो केस चलाया जा रहा वो फर्जी है इनका मकसद मुझे गिरफ्तार करके जेल में डालना है ताकि मैं गुजरात न जा सकूं. गुजरात में भाजपा बुरी तरह से हार रही है.
8:07 PM. 17 Oct 228:07 PM. 17 Oct
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2,060 नये मामले
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2,060 नये मामले सामने आए हैं. अब देश में कुल मामले 4,46,30,888 हो चुके हैं जबकि सक्रिय मामले 26,834 हैं.
8:07 PM. 17 Oct 228:07 PM. 17 Oct
दिल्ली के AICC मुख्यालय में सोनिया गांधी डालेंगी वोट
कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और अन्य CWC सदस्यों एवं वरिष्ठ नेताओं सहित कुल 75 कांग्रेस प्रतिनिधि दिल्ली के AICC मुख्यालय में अपना वोट डालेंगे. दिल्ली कांग्रेस कार्यालय में 280 प्रतिनिधि वोट डालेंगे.
1:57 PM. 17 Oct 221:57 PM. 17 Oct
PM किसान सम्मान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी आज दिल्ली में PM किसान सम्मान सम्मेलन और 600 PM किसान समृद्धि केंद्रों का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री इसके साथ 16,000 करोड़ रुपये के PM-किसान फंड भी जारी करेंगे, PM भारतीय जन उर्वरक परियोजना-एक राष्ट्र एक उर्वरक और कृषि स्टार्टअप कॉन्क्लेव और प्रदर्शनी का भी शुभारंभ करेंगे.
1:57 PM. 17 Oct 221:57 PM. 17 Oct
19 अक्टूबर को दिल्ली में वोटों की गिनती
कांग्रेस पार्टी अपना अगला अध्यक्ष चुनने के लिए आज मतदान करेगी. पार्टी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर हैं. 19 अक्टूबर को दिल्ली में वोटों की गिनती और नतीजों की घोषणा होगी.
1:15 PM. 17 Oct 221:15 PM. 17 Oct
सीबीआई ने सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को बनाये जाने और उसके क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में पूछताछ के लिए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आज तलब किया है. दिल्ली सरकार इस नीति को अब वापस ले चुकी है.
1:15 PM. 17 Oct 221:15 PM. 17 Oct
कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के लिए मतदान आज
कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर आज मतदान होना है. चुनावी मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर हैं. पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने जा रहा है. 24 साल के बाद कांग्रेस में गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई अध्यक्ष होगा. मतदान से पहले कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने गाइडलाइन जारी किया है.
1:15 PM. 17 Oct 221:15 PM. 17 Oct
पीएम मोदी करेंगे पीएम किसान योजना की 12वीं किस्त का भुगतान
देशभर के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को दिवाली का तोहफा देने वाले हैं. करोड़ों किसानों के बैंक खाते में पीएम मोदी सोमवार को यानी आज पीएम किसान की 12वीं किस्त ट्रांसफर करने वाले हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त जारी करेंगे.
मुख्य बातें
Breaking News LIVE Today: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली में AICC कार्यालय में अपना वोट डाल दिया है. CBI आज डिप्टी सीएम और AAP नेता मनीष सिसोदिया से आबकारी नीति मामले में पूछताछ कर रही है. देशभर के करोड़ों किसानों के खाते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12वीं किस्त ट्रांसफर कर दी है. देश और दुनिया की बड़ी खबरों के लिए बनें रहें हमारे साथ
अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.
अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.
प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in