Booster Dose: पहली बार बूस्टर डोज के लिए मिक्स कोविड वैक्सीन की सिफारिश, अब केंद्र सरकार लेगी फैसला!

Booster Dose: कोविड वैक्सीनेशन पर गठित सरकारी समिति ने कोविशील्ड या कोवैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके लोगों को बूस्टर डोज या तीसरी खुराक के तौर पर बायोलॉजिकल ई द्वारा विकसित कॉर्बेवैक्स वैक्सीन देने की सिफारिश की है.

Booster Dose: कोविड वैक्सीनेशन पर गठित सरकारी समिति ने कोविशील्ड या कोवैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके लोगों को बूस्टर डोज या तीसरी खुराक के तौर पर बायोलॉजिकल ई द्वारा विकसित कॉर्बेवैक्स वैक्सीन देने की सिफारिश की है. सिफारिश में कहा गया है कि 18 साल से अधिक उम्र की आबादी जिसने पहली और दूसरी खुराक के तौर पर कोवैक्सीन या कोविशील्ड टीका लिया है और 6 महीने की अवधि पूरी हो गई है, उन्हें कॉर्बेवैक्स तीसरी या एहतियाती खुराक के तौर पर देने पर विचार किया जा सकता है.

20 जुलाई को हुई 48वीं बैठक में की गई सिफारिश

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की रिपोर्ट में आधिकारिक सूत्रों के हवाले से मंगलवार को बताया कि अगर सरकार इस सिफारिश को मंजूरी दे देती है तो देश में पहली बार होगा जब प्राथमिक टीकाकरण के दौरान जो टीका लिया गया है, उससे इतर एहतियाती खुराक दी जाएगी. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वैक्सीनेश पर एनटीएजीआई (NTAGI) के कोविड-19 कार्य समूह (CWG) ने 20 जुलाई को हुई 48वीं बैठक में यह सिफारिश की.

12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण में किया जा रहा कॉर्बेवैक्स का इस्तेमाल

भारत की पहली स्वदेशी आरबीटी प्रोटीन सबयूनिट टीका कॉर्बेवैक्स का इस्तेमाल इस समय देश में 12 से 14 साल उम्र के बच्चों के टीकाकरण में किया जा रहा है. कोविड-19 कार्य समूह ने 20 जुलाई की बैठक में तीसरे चरण के आंकड़ों की समीक्षा की. इसमें 18 से 80 साल उम्र के कोविड-19 निगेटिव ऐसे लोगों को जिन्होंने पहली दो खुराक कोविशील्ड या कोवैक्सीन की ली थी कॉर्बेवैक्स टीका तीसरी खुराक के तौर पर दिए जाने के बाद उनके प्रतिरोधक क्षमता पर होने वाले असर का आकलन किया गया था.

मौजूदा समय में तीसरे डोज के लिए ये है प्रावधान

सूत्रों के अनुसार, आंकड़ों का परीक्षण करने के बाद सीडब्ल्यूजी ने पाया कि पहली और दूसरी खुराक के तौर पर कोवैक्सीन या कोविशील्ड लेने वालों को कॉर्बेवैक्स तीसरी खुराक के तौर पर दिया जा सकता है, जो उल्लेखनीय स्तर पर एंटीबॉडी पैदा करता है और तटस्थ आंकड़ों के मुताबिक संभवत: रक्षात्मक भी है. गौरतलब है कि जीसीजीआई ने 4 जून को तीसरी खुराक के तौर पर कॉर्बेवैक्स को 18 या इससे अधिक उम्र के लोगों को लगाने की अनुमति दी थी. मौजूदा समय में पहली और दूसरी खुराक के तौर पर जिस कोविड-19 टीके को लिया गया था, उसी टीके की तीसरी खुराक दी जा रही है.

Also Read: Monsoon Session: राज्यसभा में बोलीं निर्मला सीतारमण, कीमतों में वृद्धि की बात से कोई नहीं कर रहा इनकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >