लखनऊ से दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट में टिश्यू पेपर पर ‘बम’ लिखा मैसेज मिला. इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए विमान की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान की जांच की जा रही है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट गुरुवार (10 सितंबर) शाम अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरी. विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 113 लोग सवार थे.
अहमदाबाद पुलिस ने बताया, ‘’बम की धमकी मिलने के बाद इंडिगो की सऊदी अरब जाने वाली उड़ान को अहमदाबाद में आपात स्थिति में उतारा गया, अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला’’
पुलिस के मुताबिक, एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम, फायर टीम और बम स्क्वॉड समेत कई एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. एक अधिकारी ने बताया कि उड़ान संख्या ‘6ई97’ शाम 5:45 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतरी. उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू टीम के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
विमान में कागज के एक टुकड़े पर ‘बम’ लिखा मिला
हवाई अड्डा पुलिस इंस्पेक्टर ए. डी. चावड़ा ने कहा, ‘‘क्रू टीम के एक सदस्य को विमान में कागज के एक टुकड़े पर ‘बम’ लिखा मिला, जिसके बाद विमान को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतारा गया. विमान में 107 यात्री और क्रू टीम के छह सदस्य सवार थे.’’
ये भी पढ़ें: IndiGo की फ्लाइट में बम विस्फोट की धमकी से एयरपोर्ट पर हड़कंप, अलर्ट
कुछ दिन पहले भी टिश्यू पेपर पर मिला था ‘बम’ का मैसेज
इससे पहले 31 अगस्त को दम्माम से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी. दरअसल, क्रू मेंबर को टिश्यू पेपर मिला था, जिस पर विमान में बम होने का मैसेज लिखा था. इसके बाद विमान की जांच की गई. जांच में यह धमकी झूठी निकली थी.
