Video : पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह फिर खुलकर सामने आ गई. 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में जमकर हंगामा हुआ. वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के खिलाफ 'गो बैक' के नारे लगे. विरोध के कारण बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया और पार्टी की गुटबाजी एक बार फिर उजागर हो गई.
जानकारी के अनुसार, पंजाब कांग्रेसके प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग दोनों गुरु नानक भवन में आयोजित इस संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए थे. बैठक की जगह पर कुछ लोग 'Baghel Go Back' लिखी टी-शर्ट पहनकर पहुंचे. उन्होंने भूपेश बघेल और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पार्टी नेतृत्व उनकी बात नहीं सुन रहा है और संगठन के भीतर उठ रही असहमति को नजरअंदाज किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में कलह: वडिंग की मौजूदगी में चन्नी समर्थकों की नारेबाजी, नाराज बघेल बोले- पार्टी से निकाल दूंगा
कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की भी हुई
स्थिति तब और बिगड़ गई, जब अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने संबोधन के दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों को कथित तौर पर "आरएसएस के एजेंट" कहकर बैठक से बाहर जाने को कहा. इसके बाद फिर से जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई. इस दौरान वड़िंग के समर्थकों और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के समर्थकों के बीच कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की भी हुई.
