Bengaluru Hotels Raids: बेंगलुरु के कुछ प्रमुख लग्जरी होटलों के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा नियमों के कई उल्लंघन सामने आए हैं. जिसमें एक्सपायर दूध और सड़ा हुआ मांस पाया गया है. जिसके चलते कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री यू.टी. खादर ने कहा कि इन छापों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शहर के होटेल खाद्य सुरक्षा मानदंडों का पालन करें.
शहर के प्रीमियम होटलों में छापा
निरीक्षण अभियान के दौरान शहर के प्रीमियम होटलों में छापा मारा गया. विभाग ने बेंगलुरु शहरी जिले के 26 तीन सितारा और पांच सितारा होटलों का निरीक्षण किया. इसके लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की 30 टीमें बनाई गई थी. जिसमें अधिकारियों ने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए अलग-अलग होटलों से 35 खाद्य सैंपल लिए. जिसमें चिकन, मटन, मछली, खाद्य तेल, दूध, मसाले, चाय पाउडर, पनीर, टमाटर सॉस, नींबू का रस और अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे. अधिकारियों ने बताया कि सैंपल की जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.
भारी मात्रा में अमानक खाद्य पदार्थों को किया नष्ट
विभाग ने बड़ी मात्रा में ऐसे खाद्य पदार्थों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया, जो एक्सपायर हो चुके थे या उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं थे. निरीक्षणों के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित खाद्य व्यवसाय संचालकों को नोटिस भी जारी किए हैं. जिसमें विभाग ने चेतावनी दी है कि खाध्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही अधिकारियों ने रसोईघर और भंडारण की साफ-सफाई करने और शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग भंडारण सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था प्रिंस खान का गुर्गा, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
किन होटलों पर छापा मारा गया?
ललित अशोक (एनेक्स साउथ) में अधिकारियों ने 76 किलोग्राम मांस, 200 किलोग्राम सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध जब्त कर नष्ट कर दिया. बेंगलुरु के शांग्री-ला होटल से 15 किलोग्राम मांस जब्त किया गया. बेंगलुरु के फोर सीजन्स होटल में अधिकारियों ने 19 किलोग्राम मांस जब्त किया. विवान्ता बेंगलुरु व्हाइटफील्ड में तीन किलोग्राम एक्सपायर्ड बेकरी उत्पादों को नष्ट कर दिया गया. वहीं, ताज यशवंतपुर में अधिकारियों ने 72 किलोग्राम मांस और मछली जब्त की.
ये भी पढ़ें: बंगाल: पंचायत कार्यालय से बड़ी मात्रा में जाति प्रमाणपत्र बरामद, पुलिस ने कमरे को किया सील
सबसे बड़ी बरामदगी रेडिसन ब्लू (द एट्रिया) में हुई, जहां अधिकारियों ने 105 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट कर दिया. इस स्टॉक में 50 किलोग्राम चिकन, 25 किलोग्राम मांस, 23 किलोग्राम मछली और 7 किलोग्राम सब्जियां शामिल थीं.
