अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार (6 अगस्त) को दावा किया कि भारत में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट की पहुंच (रिस्ट्रिक्ट) कर दी गई है. उन्होंने कहा कि Meta ने बिना कोई वजह बताए यह कदम उठाया है. केजरीवाल का आरोप है कि उन्होंने कई बार कंपनी से इसका कारण पूछा, लेकिन Meta की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में अरविंद केजरीवाल ने Meta से सवाल पूछा कि आखिर उनके इंस्टाग्राम अकाउंट की पहुंच क्यों सीमित की गई. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि Meta को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे "झुकना" नहीं चाहिए. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के दबाव में की गई हो सकती है.
ये भी पढ़ें: AAP का पीएम मोदी पर वार,अरविंद केजरीवाल बोल - ट्रंप के दबाव में नहीं देशहित में फैसला लीजिए
स्क्रीनशॉट शेयर किया केजरीवाल ने
हालांकि, खबर लिखे जाने तक भारत में अरविंद केजरीवाल के इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट सामान्य रूप से देखे जा सकते थे. केजरीवाल ने अपने अकाउंट का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा था कि उनका अकाउंट "कुछ स्थानों पर उपलब्ध नहीं है" (Unavailable in some locations). इससे संकेत मिलता है कि यह प्रतिबंध हर जगह नहीं, बल्कि कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित हो सकता है.
"मेरा अकाउंट आखिर क्यों सीमित (रिस्ट्रिक्ट) किया गया? भारत में आपके ऑफिस से मौखिक रूप से पता चला कि मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है और यहां उपलब्ध नहीं है. इसकी वजह क्या है?– अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि Meta के भारत ऑफिस में भी कोई यह नहीं बता सका कि उनके अकाउंट पर यह रोक क्यों लगाई गई और इसे कैसे हटाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि कंपनी को कई ईमेल भेजे गए, लेकिन हर बार सिर्फ औपचारिक जवाब मिला. उनकी शिकायत का कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया. केजरीवाल ने इसे Meta की "बहुत खराब सर्विस" बताया.
