Ahmedabad Plane Crash: प्लेन हादसे में कितने लोगों की गई जान? विदेश मंत्रालय ने कहा- हमने बहुत से लोगों को खो दिया

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट गुरुवार को दोपहर करीब 1:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई. विमान में चालक दल समेत 242 लोग सवार थे. टेक ऑफ के महज 5 मिनट के बाद ही विमान बीजे अस्पताल के डॉक्टर्स हॉस्टल में जा गिरा. हादसे में हताहतों की संख्या को लेकर अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है. हालांकि हादसे में किसी भी यात्रियों के बचे होने की संभावना बहुत कम बताई जा रही है. विमान हादसे में मृतकों की संख्या पर विदेश मंत्रालय का बयान सामने आया है.

Ahmedabad Plane Crash: एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बारे में जब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “अहमदाबाद में जो हुआ है, वह बहुत दुखद दुर्घटना है. हमने बहुत से लोगों को खो दिया है. हम उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. इसमें कई विदेशी भी शामिल हैं. आपको संबंधित विभागों से अपडेट प्राप्त होंगे. नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य. यही नवीनतम जानकारी है जो मैं साझा कर सकता हूं. यह एक बदलती स्थिति है. बचाव अभियान जारी है. सटीक विवरण सामने आने के लिए हमें थोड़ा और इंतजार करना होगा.”

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी थे विमान में सवार

लंदन जा रहा एयर इंडिया का जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसमें दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे. विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय रुपाणी भी थे. विमान अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरा था, लेकिन 5 मिनट के अंदर ही क्रैश कर गया. विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट मेघाणी नगर में शहर के सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

विमान ने रनवे 23 से भरी थी उड़ान, पायलट ने आपातकालीन संदेश भी भेजा था

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक बयान के अनुसार, ‘‘विमान ने अहमदाबाद से दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी. इसने एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) को ‘मेडे’ (आपातकालीन संदेश देने के लिए) कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला.’’

2020 के बाद दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना

दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है. यह 2020 के बाद से भारत की दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना है, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझीकोड में उतरते समय गीले रनवे से फिसल गया और उसके दो टुकड़े हो गये थे. विमान में सवार 190 लोगों में से दो पायलट सहित 21 लोगों की जान चली गई थी.

उड़ान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के हाथों में थी

डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि उड़ान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के हाथों में थी. उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे. सभरवाल के पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव था. बयान के अनुसार, रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर, नीचे गिर गया.

विमान में सवार थो 61 विदेशी नागरिक

एयर इंडिया के अनुसार, अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रही उड़ान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे. विमानन सूत्रों ने बताया कि विमान जमीन पर गिरने से पहले महज 600 से 800 फुट ऊपर चढ़ा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >