तेजपुर : भारतीय वायुसेना के लापता लड़ाकू विमान सुखोई 30 एमकेआई का तलाशी अभियान बुधवार को खराब मौसम से प्रभावित हुआ. वायुसेना सूत्रों ने कहा कि अभियान असम और पड़ोसी अरुणाचल प्रदेश के हिस्सों में खराब मौसम की स्थिति के बावजूद जारी रहा. इन्हीं इलाकों में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है.
दो पायलटों के साथ सुखोई विमान सुबह साढ़े दस बजे तेजपुर सलोनीबाडी वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था. विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था.
रक्षा प्रवक्ता और सेना की चौथी कोर के लेफ्टिनेंट कर्नल संबित घोष ने बताया कि विमान और 25 से 30 वर्ष की आयुवर्ग के पायलटों को खोजने के लिए हेलीकाप्टर द्वारा बड़े पैमाने पर खोजी अभियान चलाया गया.
सोनितपुर जिला उपायुक्त मनोज कुमार डेका ने कहा कि वायुसेना स्टेशन ने उन्हें जानकारी दी कि विमान से अंतिम संपर्क करीब 11 बजकर 10 मिनट पर हुआ था, जब वह सोनितपुर के पास बिस्वनाथ जिले के गोहपुर उपसंभाग के दूबिया के ऊपर उड़ रहा था.
