वाशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर ‘टाइम पर्सन ऑफ द ईयर’ सर्वेक्षण में शीर्ष पर पहुंच गए हैं. बीच में कुछ दिनों के लिए फर्गुसन के प्रदर्शनकारी उनसे आगे निकल गए थे.
बुधवार को जारी सर्वेक्षण के ताजा आंकडों के अनुसार, कुल वोट में से 12.8 प्रतिशत मोदी के पक्ष में पडे, जबकि 10.1 प्रतिशत के साथ फर्गुसन के प्रदर्शनकारी दूसरे नंबर पर हैं. हांगकांग में लोकतंत्र के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले जोशुआ वोंग 7.5 प्रतिशत वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान की किशोरी कार्यकर्ता मलाला युसूफजई 5.2 प्रतिशत मत के साथ चौथे स्थान पर हैं.
साप्ताहिक समाचार पत्रिका ने कहा, ‘‘भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘टाइम पर्सन ऑफ द ईयर’ सर्वेक्षण में आगे निकल गए हैं, उन्होंने फगरुसन के प्रदर्शनकारियों को पछाड दिया है. मतदान को सिर्फ चार दिन बचे हैं.’’ पत्रिका ने कहा था कि मंगलवार तक मोदी को 10.8 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि फर्गुसन के प्रदर्शनकारियों को 10.2 प्रतिशत वोट मिले थे.
मोदी की बढत कल मजबूत होकर 12.8 प्रतिशत पर पहुंच गयी. इबोला का इलाज कर रहे डॉक्टरों और नर्सों ने 4.5 प्रतिशत वोट के साथ पांचवा स्थान प्राप्त कर लिया है और वे रुस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन से आगे निकल गए हैं. पुतिन को 4.1 प्रतिशत वोट मिले हैं.
वार्षिक सर्वेक्षण के लिए मतदान छह दिसंबर को समाप्त होगा और विजेता की घोषणा आठ दिसंबर को होगी. टाइम्स के संपादक ‘टाइम पर्सन ऑफ द ईयर’ का चुनाव करेंगे और 10 दिसंबर को इसकी घोषणा करेंगे.टाइम्स 1927 से ही ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ के चयन को लेकर इस तरह के सर्वेक्षण का आयोजन कर रहा है.
