नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया है कि नौ लोक कल्याण मार्ग स्थित एसपीजी स्वागत कक्ष के बाहर मामूली सी आग लग गई, लेकिन इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आवास या कार्यालय प्रभावित नहीं हुआ है.
पीएमओ ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है. पीएमओ ने ट्वीट किया, नौ लोक कल्याण मार्ग पर शार्ट सर्किट के चलते मामूली आग लग गई. ये (आग) प्रधानमंत्री के आवास या कार्यालय क्षेत्र में नहीं लगी थी, बल्कि लोक कल्याण मार्ग परिसर स्थित एसपीजी स्वागत कक्ष के पास लगी. आग अब काफी हद तक काबू में है.
प्रधानमंत्री की सुरक्षा विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के जिम्मे है. प्रधानमंत्री का आवास सात लोक कल्याण मार्ग में है. उनके आवासीय परिसर में एसपीजी का एक कार्यालय भी हैं, जहां आग लगी. दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने कहा कि उनके नियंत्रण कक्ष को इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है.
