नयी दिल्ली: पीएम मोदी आज अपने दो दिवसीय सऊदी अरब के दौरे के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होंगे. भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पीएम मोदी एयर इंडिया के विशेष विमान से रवाना होंगे. दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को लेकर पीएम मोदी का ये दौरा काफी काफी अहम माना जा रहा है. मोदी कल वहां पब्लिक इनवेस्टमेंट फंड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
वैश्विक व्यापारिक प्रतिनिधियों का आमना-सामना
बता दें कि ये सऊदी अरब में आयोजित होने जा रहा तीसरा फ्यूचर इनवेस्टमेंट इनिशिएटिव कार्यक्रम भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है. ये कार्यक्रम व्हाट इज नेक्स्ट फॉर ग्लोबल बिजनेस की थीम पर आधारित है. इस कार्यक्रम में सऊदी अरब के नीति निर्माताओं और विश्व भर के अलग-अलग व्यापारिक प्रतिनिधियों का आमना-सामना होता है.
इस कार्यक्रम के जरिए सऊदी दुनियाभर में निवेश सहित अपने यहां विकास की प्रक्रिया में फॉरेन इनवेस्टमेंट की संभावना खोजता है. इस समय भारत अर्थव्यवस्था में सुस्ती का सामना कर रहा है इस लिहाज से भी ये काफी अहम है.
विदेशी निवेश की संभावना तलाशेंगे पीएम मोदी
सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी सऊदी अरब की अपनी दूसरी यात्रा के दौरान, आयोजित ग्लोबल मीट में देश में निवेश तथा आर्थिक विकास को गति देने की संभावना तलाशेंगे. हाल ही में सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का फैसला लिया था. इसलिए अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी मुस्लिम देशों में सबसे अहम सऊदी अरब का इस मामले में समर्थन हासिल करने का भी प्रयास करेंगे.
जम्मू-कश्मीर पर सऊदी का मजबूत समर्थन
आपको बता दें कि साल 2016 में सऊदी अरब ने पीएम मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान दिया था. इससे दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की नजदीकी का संकेत मिला था. इसी बीच ये और भी पुख्ता हो गया जब सऊदी अरब ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के मामले में पाकिस्तान द्वारा मुस्लिम देशों को एकजुट करने की मुहिम से खुद को अलग कर लिया था.
