चेन्नई : तमिलनाडु के अपने पहले दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पीएसएलवी सी-23 राकेट प्रक्षेपण का साक्षी बनेंगे. मोदी का शहर में कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है जबकि राज्य भाजपा सूत्रों ने बताया कि उन्होंने अभी तक अपने नेता के लिए हवाई अड्डे पर किसी कार्यक्रम की कोई योजना नहीं बनाई है.
उधर, पुलिस ने बताया कि मोदी के दौरे के मद्देनजर हवाई अड्डे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. मोदी नई दिल्ली से विशेष विमान से रवाना होंगे और उम्मीद की जा रही है कि वह तकरीबन अपराह्न 3.55 मिनट यहां पहुंचेंगे. वह यहां संक्षिप्त प्रवास के बाद एक हेलीकॉप्टर से श्रीहरिकोटा रवाना होंगे.
पुलिस ने बताया कि यहां प्रधानमंत्री और उनके काफिले के उपयोग के लिए चार हेलीकॉटर तैयार हैं. देशज पीएसएलवी सी-23 राकेट के माध्यम से फ्रांस के उपग्रह स्पॉट 7 और कनाडा, जर्मनी और सिंगापुर के उपग्रह श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किए जायेंगे.
