छत्तीसगढ़ विस चुनाव : दूसरे चरण का प्रचार थमा, 20 को मतदान

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार रविवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया. दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि छत्तीसगढ़ की 72 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा. दूसरे चरण के लिए होने वाले […]

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार रविवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया. दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि छत्तीसगढ़ की 72 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा.

दूसरे चरण के लिए होने वाले मतदान के लिए आज शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया. अधिकारियों ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया. मतदान समाप्ति के 48 घण्टे की समय अवधि में रैली तथा सभाओं के माध्यम से प्रचार-प्रसार पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा.

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों को मतदान समाप्ति के 48 घण्टे पूर्व जिले से बाहर जाना होगा. अतः इस संबंध में अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। चुनाव आयोग ने राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान तय किया था.

पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के सात जिले और राजनांदगांव जिले की 18 सीटों के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ. पहले चरण में 76 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है. दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.

दूसरे चरण में राज्य के 19 जिलों में मतदान होगा जिनमें गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर जिले के कुछ हिस्से नक्सल प्रभावित हैं. राज्य में पिछले 15 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है और इस बार के चुनाव में वह 65 सीटों पर जीत के लक्ष्य को लेकर चुनाव मैदान में है. वहीं, कांग्रेस को उम्मीद है कि इस चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा और उसकी सरकार बनेगी.

दूसरे चरण के मतदान में मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने लगातार छत्तीसगढ़ का दौरा किया है. राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और अन्य दलों के नेताओं ने अपनी पार्टी के पक्ष में प्रचार किया है.

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने विपक्षी दलों पर जमकर प्रहार किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य भाजपा नेताओं ने अपने भाषणों में गांधी परिवार पर तीखे हमले किये तथा केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं को गिनाया. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे और छत्तीसगढ़ में नान घोटाले को लेकर सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री रमन सिंह को कठघरे में खड़ा किया.

इसके साथ ही नेताओं ने किसानों के मुद्दे पर एक दूसरे पर हमला बोला. दूसरे चरण के मतदान में रमन मंत्रिमंडल के सदस्य बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर समेत अन्य मंत्रियों, कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टी एस सिंहदेव, पूर्व मुख्यंत्री अजीत जोगी और उनकी पत्नी रेणु जोगी समेत 1101 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य तय होगा.

राज्य में पिछले चुनावों में मुख्यत: भाजपा और कांग्रेस के मध्य ही मुकाबला होता रहा है. लेकिन इस बार के चुनाव में अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन के कारण कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है. दूसरे चरण में सबसे ज्यादा रायपुर शहर दक्षिण में 46 उम्मीदवार और सबसे कम बिंद्रानवागढ़ में छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >