भारत छोड़ो आंदोलन ने हिला दिया था अंग्रेजों को, पीएम मोदी ने शेयर किये ये दस्तावेज

नयी दिल्ली : देश के स्वतंत्रता संग्राम में नौ अगस्त का दिन महत्वपूर्ण है. राष्‍ट्रपिता महात्मा गांधी ने 1942 में आज ही के दिन भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी. इस ऐतिहासिक घटना को आज 76 साल पूरे हो चुके हैं. नौ अगस्त को ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों की गुलामी से देश […]

नयी दिल्ली : देश के स्वतंत्रता संग्राम में नौ अगस्त का दिन महत्वपूर्ण है. राष्‍ट्रपिता महात्मा गांधी ने 1942 में आज ही के दिन भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी. इस ऐतिहासिक घटना को आज 76 साल पूरे हो चुके हैं. नौ अगस्त को ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों की गुलामी से देश को आजाद कराने के लिए ‘करो या मरो’ का नारा दिया था. प्रत्येक वर्ष इस दिन को अगस्त क्रांति के रूप में मनाया जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक दिन को याद किया है और अंग्रेजों द्वारा फाइल की गयी एक रिपोर्ट के पेज को सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

पीएम मोदी के द्वारा शेयर किया गया यह दस्तावेज वास्तव में इस बात का सबूत है कि भारत छोड़ो आंदोलन के जरिए महात्मा गांधी ने किस तरह से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने का काम किया था. इस आंदोलन ने देश की आजादी के आंदोलन को और भी तेज कर दिया था. नौ अगस्त का ब्योरा सामने रखते इस दस्तावेज में जानकारी दी गयी है कि कहां कौन सी घटना हुई और किसे गिरफ्तार किया गया.

मुंबई सिटी में गांधी और वर्किंग कमिटी के सदस्यों को गिरफ्तार किये जाने की खबर है. यहां लोगों पर अंग्रेजी शासन ने आंसू गैस के गोले भी दागने का काम किया. 15 जगहों पर पुलिस फायरिंग में 8 लोगों के मारे जाने और 44 लोगों के घायल होने की भी जानकारी दी गयी है. इसके अलावा दस्तावेज में अहमदाबाद में हड़ताल, पुलिस फायरिंग में एक की मौत की जानकारी है. पूना में छात्रों की भीड़ पर पुलिस फायरिंग हुई जहां एक शख्‍स की जान चली गयी. सूरत के लिए सैनिकों को रवाना किये जाने के दस्तावेज भी शेयर किये गये.

दस्तावेज के अनुसार उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया. लखनऊ, इलाहाबाद में हड़ताल के प्रयास किये गये. पंजाब के लाहौर और अमृतसर में बड़ी सभाएं हुई. मोदी ने भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेनेवाले महिलाओं और पुरुषों को याद किया. पीएम मोदी ने ट्विटर पर भारत छोड़ो आंदोलन पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक कविता को भी शेयर किया, जो 1946 में मदन मोहन मालवीय से जुड़े अखबार ‘अभ्युदय’ में छपी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >