पलक्कड (केरल) : झारखंड के अधिकारियों के एक दल ने आज पुष्टि की कि पूर्वी राज्यों से पिछले सप्ताह केरल लाए गए 500 से अधिक बच्चे तस्करी के शिकार हैं.श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में झारखंड की एक टीम ने पिछले सप्ताह गिरोह का पर्दाफाश होने और आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद एक परमार्थ गृह में रखे गये कई बच्चों से बात करने के बाद यह जानकारी दी. झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार से बच्चों को उत्तर केरल लाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह से कथित संलिप्तता के लिए आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
रेलवे पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश किया क्योंकि पलक्कड स्टेशन पर पहुंचे बच्चों के साथ मौजूद वयस्क बच्चों को गृह राज्य से लाने के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए. झारखंड के अधिकारियों ने कहा कि झारखंड श्रम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी कल यहां आएंगे और फिर आगे के कदम पर फैसला करेंगे.
