मुंबई:लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी की करारी हार के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने शनिवार को एलान किया कि वह और उनकी पार्टी इस साल के अंत में होनेवाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और यदि जनादेश मिला तो वह मुख्यमंत्री पद भी संभालेंगे. गौरतलब है कि ठाकरे परिवार में अब तक किसी भी व्यक्ति ने न तो कभी चुनाव लड़ा है और न ही कोई सरकारी पद संभाला है.
राज ने एक कदम और बढ़ाते हुए साफ किया कि यदि मनसे को विधानसभा चुनावों में जीत मिली तो वह राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे. उन्होंने कहा, ‘हमारी पार्टी के लिए लोगों के मन में बहुत प्यार और बहुत अपेक्षाएं हैं. यदि मनसे को जनादेश मिला तो मैं इसकी अगुवाई करने में नहीं हिचकूंगा.’ प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी के समर्थन की घोषणा करनेवाली मनसे ने लोकसभा चुनावों में महज नौ उम्मीदवार उतारे थे जिनमें ज्यादातर शिवसेना के खिलाफ थे. लेकिन, लोकसभा चुनावों में मनसे का खाता भी नहीं खुल सका था. पार्टी के कई उम्मीदवारों की तो जमानत जब्त हो गयी थी.
