नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री के रुप में नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण के कुछ ही सेकंड बाद विकास, सुशासन और स्थिरता का जनादेश देने वाले लोगों से समर्थन, आशीर्वाद और सक्रिय भागीदारी के आह्वान वाले मोदी के संदेश के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की वेबसाइट फिर से लांच की गई.
इस वेबसाइट पर अपने पहले संदेश में मोदी ने कहा, साथ मिल कर हम भारत के लिए शानदार भविष्य रचेंगे…जब हम भारत की विकास यात्रा को नयी बुलंदियों पर ले जाने के लिए खुद को समर्पित कर रहे हैं, हम आपका समर्थन, आशीर्वाद और सक्रिय भागीदारी चाहते हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा, आइए, हम एक मजबूत, विकसित और समावेशी भारत का सपना देखें जो विश्व शांति एवं विकास के मुद्दे को मजबूत करने के लिए विश्व समुदाय के साथ सक्रिय संवाद करे. प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट पीएमइंडिया डॉट एनआईसी डॉट इन में भारी फेर-बदलाव कर उसमें अनेक नए खंड जोडे गए हैं. उसपर मोदी के निजी जीवन पर समर्पित एक खंड है. वेबसाइट पर उनका एक संक्षिप्त प्रोफाइल भी डाला गया है जिसमें मोदी को गतिशील, समर्पित और दृढ नेता बताया गया है जो एक अरब भारतीयों के जीवन में उम्मीद की किरण के रुप में पहुंचे हैं.
प्रोफाइल में कहा गया है कि विकास पर मोदी के ध्यान केन्द्रित करने और नतीजा देने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारत के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में से एक बना दिया है. आरएसएस का नाम लिए बगैर इसमें कहा गया है कि उन्होंने राष्ट्रभक्त संगठनों के साथ काम करते हुए बहुत कम उम्र में खुद को राष्ट्र की सेवा में लगा दिया. वेबसाइट में एक विकल्प प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भेजें भी है. यह उपयोक्ता को मोदी की निजी वेबसाइट पर ले जाता है.
मोदी ने उम्मीद जताई कि यह मंच विचारों को सुनने, समझने और साझा करने का अवसर सृजित करेगा. प्रधानमंत्री ने कहा, इस वेबसाइट के मार्फत, आप मेरे भाषणों, कार्यकर्मों, विदेशी यात्राओं और ढेर सारी चीजों के बारे में सभी नवीनतम सूचना पा सकेंगे. मैं भारत सरकार की ओर से उठाई जाने वाली अनूठी पहल के बारे में भी आपको सूचित करता रहूंगा. वेबसाइट में मोदी की निजी जिंदगी के बारे में भी एक खंड है जिसमें बालक से आरएसएस स्वयंसेवक और भाजपा नेता बनने के विभिन्न चरण शामिल है.
