Naka Checking Bengal Elections 2026| पुरुलिया/हल्दिया, हंसराज सिंह/अमित शर्मा : बंगाल चुनाव से पहले पुरुलिया और हल्दिया में नाका चेकिंग के दौरान केंद्रीय बलों और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 19.40 लाख रुपए जब्त किये हैं. पुरुलिया जिले में 2 पिकअप वैन से 3 लाख 10 हजार रुपए से अधिक बरामद हुए. पूर्व मेदिनीपुर के चंडीपुर थाना क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने 16.30 लाख रुपए कैश जब्त किये.
घाट रंगामाटी में पिकअप से 1.10 लाख रुपए मिले
काशीपुर थाना क्षेत्र के घाट रंगामाटी में एक पिकअप से 1,10,500 रुपए और पुंचा थाना क्षेत्र के बांकुड़ा सीमा से सटे पैराचालिता में दूसरे वैन से करीब 2 लाख रुपये जब्त किये गये. दोनों वाहनों के चालकों से नकदी का स्रोत पूछा गया, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसलिए पैसे जब्त कर लिये गये.
पूर्व मेदिनीपुर में बरोझ बाजार और शशिगंज से हुई जब्ती
बंगाल में विधानसभा चुनाव की वजह से अभी आचार संहिता लागू है. इसलिए कोई भी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज के 50 हजार रुपए से अधिक लेकर नहीं चल सकता. अवैध धन के प्रवाह को रोकने के लिए चुनाव आयोग की टीमें जगह-जगह तैनात हैं. इसी के तहत यह कार्रवाई की गयी है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बरोझ बाजार से 13.80 लाख रुपए जब्त
गुरुवार और शुक्रवार की रात को चंडीपुर थाना क्षेत्र के बरोझ बाजार इलाके में चुनाव आयोग की टीम ने एक व्यक्ति को रोका. तलाशी में उसके पास से 13,80,579 रुपए मिले. शशिगंज बाजार इलाके में भी नाका चेकिंग में एक अन्य व्यक्ति के पास से 2.50 लाख रुपए मिले. दोनों ही मामलों में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, तो नाका चेकिंग दल ने पैसे जब्त कर लिये.
आचार संहिता के उल्लंघन का मामला
पुलिस ने बताया है कि नियमों के तहत बिना वैध कागजात के इतनी बड़ी रकम लेकर चलना चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है. इसलिए जब्त की गयी पूरी राशि को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ब्लॉक प्रशासन और थाना की पहल पर जिला आयकर विभाग को सौंप दिया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि बरामद नकदी के स्रोत और इसके पीछे किसी विशेष उद्देश्य की भूमिका की जांच की जा रही है. यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस रकम का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जाना था.
इसे भी पढ़ें
बंगाल समेत अन्य राज्यों में वोट के लिए बांटी जा रही शराब, ड्रग्स और कैश, अब तक 651.55 करोड़ जब्त
बंगाल चुनाव 2026 से पहले कोलकाता में हथियारों का जखीरा बरामद, बिहार से आया युवक गिरफ्तार
