चकाई . आगामी दुर्गा पूजा को लेकर गोला दुर्गा पूजा समिति, चकाई की ओर से बुधवार को समिति के उपाध्यक्ष भुनेश्वर पासवान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक की गयी. बैठक में समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार उपस्थित रहे. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी पूजा में आने वाले खर्च को पूरा करने के लिए पूर्व की तरह स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों से स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग लिया जायेगा. पूजा में शांति व्यवस्था बनाये रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाये जायेंगे. इसके अतिरिक्त, पूजा समिति की ओर से दो दर्जन से अधिक वालंटियर विशेष बैच के साथ मेला परिसर में तैनात रहेंगे. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया है. महाअष्टमी को रात्रि एक बजे निशा पूजा के बाद निशा बलि दी जायेगी, जबकि नवमी को सुबह 10 बजे से नवमी बलि प्रारंभ की जायेगी. वहीं एकादशी तिथि (शुक्रवार) को रात्रि आठ बजे नगर भ्रमण के उपरांत प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम किया जायेगा. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. समिति के सदस्य भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे. बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गा पूजा की अगली बैठक गुरूवार शाम 5 बजे मंदिर प्रांगण में पुन: आयोजित की जायेगी. बैठक में पूजा समिति के अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता, सचिव जयकुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष भुनेश्वर पासवान, राजीव रंजन पांडे, संतु यादव, शालीग्राम पांडे, प्रहलाद रावत, अमरनाथ चौधरी, रवि पांडे, राजीव रंजन उपाध्याय, संदीप बरनवाल, दिनेश पासवान, राजीव पासवान समेत दर्जनों सदस्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
