भक्तों की मनोकामना पूर्ण करती हैं पांडो की वैष्णवी मां दुर्गा

प्रखंड के पांडो गांव स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर इलाके के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. मन्नत की देवी के रूप में प्रसिद्ध इस मंदिर में स्थापित मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है.

बरहट . प्रखंड के पांडो गांव स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर इलाके के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. मन्नत की देवी के रूप में प्रसिद्ध इस मंदिर में स्थापित मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है. सच्चे मन से मां दुर्गा से जो भी मुरादें मांगी जाती हैं, वह अवश्य पूर्ण होती है.

1952 में हुई थी मंदिर की स्थापना

स्थानीय जानकारों के अनुसार, वर्ष 1952 में तत्कालीन थानाध्यक्ष एसएन विश्वास ने ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर की स्थापना करवायी थी. बताया जाता है कि उन्होंने स्वयं मां से कोई मन्नत मांगी थी, जो पूरी होने के बाद मंदिर निर्माण का निर्णय लिया. तब से लेकर अब तक हर वर्ष बड़ी धूमधाम से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है.

दूर-दराज से आते हैं श्रद्धालु, करते हैं दंडवत

पांडो दुर्गा मंदिर में सिर्फ स्थानीय ग्रामीण ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए आते हैं. पूरे नौ दिन तक मंदिर परिसर में अखंड पाठ चलता है, वहीं कई भक्त मन्नत पूरी होने पर दंडवत देकर मां की अराधना करते हैं. पहली पूजा से लेकर अंतिम पूजा तक मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहता है.

दुधिया रोशनी में नहाया रहता है मंदिर परिसर

पूजा के दौरान मंदिर परिसर एवं पूरे मेला क्षेत्र को दुधिया रोशनी से सजाया जाता है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होता है. सड़क किनारे रंग-बिरंगी लाइटें सजाई जाती हैं. बच्चों के लिए खेल-तमाशे और झूले भी लगाए जाते हैं, जिससे मेले का माहौल और भी जीवंत हो उठता है.

पूरे महीने तैयारी में जुटे रहते हैं ग्रामीण

आश्विन माह की शुरुआत होते ही ग्रामीण पूजा की तैयारी में लग जाते हैं. पूजा समिति के अध्यक्ष मुखिया केदार शर्मा और सचिव अजय यादव ने बताया कि मां की महिमा और ग्रामीणों का समर्पण ही पूजा को विशेष बनाता है. पूजा पूरी विधि-विधान और परंपरा के अनुसार संपन्न कराई जाती है.

प्रशासनिक स्तर पर भी पूरी सतर्कता

पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जाती है. महिला एवं पुरुष जवानों की तैनाती, रात्रि गश्ती और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अराजक तत्वों पर नजर रखी जाती है. बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने सभी श्रद्धालुओं से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की है.

पूजा समिति के सदस्य

अध्यक्ष: केदार शर्मा

सचिव: अजय यादव

कोषाध्यक्ष: कामेश्वर मंडल

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >