पथरगामा बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क किनारे से हटाये गये अवैध ढांचे

प्रशासन ने पहले ही दी थी चेतावनी, दोबारा अतिक्रमण पर होगी कानूनी कार्रवाई

पथरगामा बाजार में सोमवार को अंचल प्रशासन ने अतिक्रमित सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया. सीओ नितेश कुमार गौतम एवं थाना प्रभारी मनोहर कुमार के नेतृत्व में दल-बल के साथ यह अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे मौजूद स्थायी व अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जो वर्षों से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से संचालित हो रहे थे. प्रशासन की कार्रवाई कलाली मोड़ से लेकर मुख्य चौक तक के दोनों ओर की जमीन पर की गयी. अवैध कब्जों में लगाये गये खंभे, खूंटे, छप्पर आदि को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. गौरतलब है कि अंचल कार्यालय ने इस कार्रवाई से पूर्व माइकिंग व सार्वजनिक सूचना के माध्यम से अतिक्रमणकारियों को 31 अगस्त तक स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अंतिम मौका दिया था. कुछ दुकानदारों ने निर्देश का पालन किया, लेकिन अधिकांश ने अनदेखी की, जिसके बाद प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा. सीओ नितेश कुमार गौतम ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के कारण बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >