खड़हुआ में नाला निर्माण पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल

प्रखंड के कोल्हुआ पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर एक के खड़हुआ गांव में इन दिनों नाला निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है.

गिद्धौर . प्रखंड के कोल्हुआ पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर एक के खड़हुआ गांव में इन दिनों नाला निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि यहां चल रहे निर्माण कार्य में मानक व प्राक्कलन की अनदेखी करते हुए जैसे-तैसे नाला बनाया जा रहा है. इससे सरकारी राशि के बंदरबांट की आशंका गहरा गयी है. ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 14 लाख रुपये की लागत से संजय झा, मनोज मिश्रा, सोनू कुमार व नीरज मिश्रा के घर से लेकर प्राथमिक विद्यालय खड़हुआ तक नाला निर्माण होना है. लेकिन कार्य में बिना फर्श डाले टुकड़ा ईंट से महज पांच इंच की दीवार खड़ी कर ऊपर ढक्कन डाल दिया जा रहा है. इससे स्पष्ट है कि निर्माण कार्य सिर्फ खानापूर्ति के लिए किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि योजना किस विभाग से और किस मद में स्वीकृत है, इसकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. न ही निर्माण स्थल पर योजना से जुड़ा कोई बोर्ड लगाया गया है. शिकायत के बावजूद अब तक प्रखंड मुख्यालय के स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है. ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य को प्राक्कलन के अनुसार कराया जाए.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

इस संदर्भ में पंचायती राज पदाधिकारी अपराजिता सुमन ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. इसकी जांच कर समुचित कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >