Darbhanga News: दरभंगा. अपने प्रतिष्ठान से घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की बुधवार को देर शाम अपराधियों ने गोली मार हत्या कर दी. घटना एपीएम थाना क्षेत्र के थलवाड़ा-ब्रहोतरा मार्ग स्थित एक निजी विद्यालय के पास की है. उनकी पहचान लहेरियासराय थाने के बाकरगंज निवासी बबलू साह के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि राहुल का एपीएम थाना क्षेत्र के ब्रहोतरा चौक पर सोने-चांदी की दुकान है. बुधवार की शाम वह दुकान से घर आ रहे थे. थलवाड़ा-ब्रहोतरा मार्ग स्थित एक निजी विद्यालय के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. उसके सीने के दायीं तरफ दो गोली मारने की बात कही जा रही है. गोली लगने से राहुल वहीं पर गिर गये. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंच गये. गंभीर स्थिति में लेकर डीएमसीएच गये. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. विश्वास नहीं होने पर परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल गये. वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन शव को लेकर घर आ गये. सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच ले गयी. फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. सूचना मिलते ही एपीएम, बहादुरपुर थाना सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी. एफएसएल की टीम भी वहां पहुंच गयी. बताया जाता है कि घटनास्थल से चार खोखा भी बरामद किया गया है. अपराधियों की तलाश में पुलिस की टीम कई जगह की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है.अपराधियों ने राहुल को किस वजह से गोली मारी, उसके पास नकद या जेवरात था, जिसे अपराधियों ने लूट लिया यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. बताया जाता है कि पूर्व में राहुल के प्रतिष्ठान पर दो बार लूट की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया था. उसकी दो छोटी-छोटी पुत्रियां हैं. राहुल भाइयों में सबसे बड़ा था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
