जमुई में एसआइआर का 99.02 प्रतिशत कार्य पूरा, स्वच्छ चुनाव को लेकर प्रशासन तैयार

जिला प्रशासन आगामी विधानसभा चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी बनाने को लेकर पूरी तरह तैयार है.

जमुई . जिला प्रशासन आगामी विधानसभा चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी बनाने को लेकर पूरी तरह तैयार है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम नवीन कुमार ने समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर) का कार्य अंतिम चरण में है. बताया कि अब तक 99.02 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. कुल 12,48,208 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भरा था, जिसमें से लगभग सभी की जांच और सूची प्रकाशन की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है. शेष कार्यों पर तेजी से कार्रवाई जारी है. बीएलओ को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट और नामित वालंटियर्स से अपेक्षित सहयोग मिल रहा है.

1595 मतदान केंद्र, 151 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1595 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. सभी बूथों पर पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है. 151 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है. मतगणना केंद्र के रूप में केकेएम कॉलेज को चिह्नित किया गया है. डीएम ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और निष्पक्ष बनाने के लिए नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ सभी कोषांगों का गठन कर लिया गया है.

दुर्गापूजा को लेकर भी प्रशासन अलर्ट, डीजे व हथियार पर प्रतिबंध

डीएम श्री नवीन ने दुर्गापूजा को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले में कुल 106 स्थानों पर लाइसेंसी पूजा की जा रही है. दशहरा शांतिपूर्वक मनाने के लिए चिन्हित व्यक्तियों पर बॉन्ड डाउन की कार्रवाई की जा रही है. पूजा की आड़ में माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है. मूर्ति विसर्जन केवल निर्धारित रूट से ही किया जायेगा. इस दौरान डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. साथ ही हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक लगायी गयी है.

एसपी बोले- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सादे लिबास में भी रहेंगे जवान

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गए हैं. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखी जायेगी. सीसीटीवी कैमरे से निगरानी, सादे लिबास में पुलिस बल, और रात्रि गश्ती जैसे उपाय किये गये हैं. महासप्तमी से विजयादशमी तक बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगायी गयी है. हल्के वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गये हैं. डीजे संचालकों को नोटिस जारी किया गया है और पूजा समितियों को सुरक्षित पंडाल एवं मजबूत विद्युत वायरिंग का निर्देश दिया गया है. शरारती तत्वों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी गयी है.

सूचना तंत्र के माध्यम से सहयोग की अपील

डीएम श्री नवीन ने पत्रकारों से सूचना तंत्र के माध्यम से सही और संतुलित जानकारी देने का आग्रह किया. उन्होंने सभी को आगामी दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दी. बैठक एडीएम रविकांत सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरूल हक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी भानु प्रकाश सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >