Why People End Up Alone: जिंदगी में कभी-कभी ऐसा समय आता है, जब लगता है कि आसपास लोग तो बहुत हैं, लेकिन अपना कहने वाला कोई नहीं है. दोस्त धीरे-धीरे दूर होने लगते हैं और रिश्तों में भी पहले जैसी गर्माहट नहीं रहती. ऐसे समय में मन में यह सवाल आना स्वाभाविक है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. हर बार इसके पीछे किस्मत या किसी दूसरे व्यक्ति की गलती नहीं होती. कई बार हमारी रोज की कुछ आदतें भी रिश्तों पर असर डालती हैं. हम इन्हें जानबूझकर नहीं करते, बल्कि खुद को दुख और निराशा से बचाने के लिए ऐसा करने लगते हैं. लेकिन समय के साथ यही आदतें लोगों को हमसे दूर कर सकती हैं. अगर आपको भी लगता है कि आपके रिश्ते बार-बार एक ही मोड़ पर आकर कमजोर पड़ जाते हैं, तो इन आदतों पर एक बार जरूर ध्यान दें.
1. अपनी भावनाएं दूसरों से छिपाना
किसी पुराने रिश्ते में चोट मिलने के बाद कई लोग दोबारा किसी पर आसानी से भरोसा नहीं कर पाते. वे अपनी परेशानी, खुशी या डर किसी के साथ शेयर करने से बचते हैं. शुरुआत में ऐसा करना खुद को सुरक्षित रखने का तरीका लग सकता है. लेकिन अगर आप हर व्यक्ति से भावनात्मक दूरी बनाए रखेंगे, तो सामने वाले को आपके करीब आने का मौका ही नहीं मिलेगा. उसे लग सकता है कि आप उससे बात करने या उस पर भरोसा करने में रुचि नहीं रखते.
2. बिना बोले अपनी बात समझने की उम्मीद करना
रिश्तों में एक बड़ी गलती यह होती है कि हम अपनी जरूरत या नाराजगी सामने वाले को बताते नहीं हैं और उम्मीद करते हैं कि वह खुद समझ जाएगा. उदाहरण के लिए, अगर आपको किसी की बात बुरी लगी है, तो चुप रहने के बजाय शांति से अपनी बात बताना बेहतर है. सामने वाला आपके मन की बात हमेशा खुद नहीं समझ सकता. साफ बातचीत कई गलतफहमियों को बढ़ने से रोक सकती है.
3. छोटी अनबन के बाद बात करना बंद कर देना
हर रिश्ते में कभी न कभी बहस या मतभेद हो सकते हैं. इसका मतलब यह नहीं कि रिश्ता खत्म हो गया. लेकिन कुछ लोग थोड़ी सी नाराजगी के बाद सामने वाले से बात करना बंद कर देते हैं. वे दूरी बनाने लगते हैं और समस्या पर चर्चा नहीं करते. इससे छोटी बात धीरे-धीरे बड़ी हो सकती है और दोनों के बीच दूरी बढ़ने लगती है.
4. हर बात को खुद से जोड़ लेना
जब कोई व्यक्ति अपनी परेशानी आपके साथ शेयर करता है, तो जरूरी नहीं कि बातचीत को तुरंत अपने अनुभव से जोड़ दिया जाए. कभी-कभी सामने वाले को सिर्फ यह चाहिए होता है कि कोई उसकी बात ध्यान से सुने. अगर हर बार बातचीत आपके अनुभव या आपकी समस्या पर आ जाए, तो सामने वाले को लग सकता है कि उसकी बात को महत्व नहीं दिया जा रहा. इसलिए किसी की बात सुनते समय बीच में अपनी कहानी बताने के बजाय पहले उसे पूरा बोलने दें.
5. जरूरत से ज्यादा सोचना
किसी मैसेज का देर से जवाब आना, फोन न उठाना या बातचीत का तरीका बदल जाना देखकर तुरंत कोई नतीजा निकाल लेना रिश्तों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. बार-बार यह सोचना कि सामने वाला नाराज है, आपको पसंद नहीं करता या जल्द ही रिश्ता खत्म कर देगा, मन में डर बढ़ा सकता है. कई बार सच्चाई उतनी बड़ी नहीं होती, जितनी हम अपने दिमाग में बना लेते हैं.
6. शांति बनाए रखने के लिए झूठ बोलना
कई लोग बहस से बचने के लिए अपनी असली बात छिपा देते हैं या छोटी-बड़ी बातों पर झूठ बोल देते हैं. उस समय उन्हें लगता है कि इससे मामला शांत रहेगा. लेकिन लंबे समय तक अपनी बात दबाने से मन में नाराजगी जमा हो सकती है. रिश्ते में भरोसा भी कमजोर हो सकता है. अपनी बात कहनी हो तो सामने वाले को दोष देने के बजाय शांत तरीके से अपनी परेशानी बताना बेहतर है.
7. खुद को हमेशा अकेला मान लेना
अगर मन में बार-बार यह बात आती रहे कि "मैं तो हमेशा अकेला रहूंगा" या "मेरे साथ कभी अच्छा रिश्ता नहीं बन सकता", तो आप नए लोगों से जुड़ने की कोशिश भी कम कर सकते हैं. इस तरह एक सोच धीरे-धीरे आदत बन सकती है. इसलिए पुराने अनुभवों को अपनी पूरी जिंदगी का सच मानने के बजाय खुद को नए रिश्तों और नए अनुभवों का मौका देना जरूरी है.
अकेलेपन के इस चक्र से कैसे बाहर निकलें?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि अपनी आदतों को पहचानना ही बदलाव की पहली सीढ़ी है. अगर आपको लगता है कि आप लोगों से दूरी बना रहे हैं, अपनी बात नहीं कह पाते या छोटी बातों को लेकर बहुत ज्यादा सोचते हैं, तो धीरे-धीरे इन चीजों पर काम करें. किसी रिश्ते में परेशानी हो तो तुरंत दूरी बनाने के बजाय बातचीत करने की कोशिश करें. अपनी भावनाएं साफ शब्दों में बताएं और सामने वाले की बात भी ध्यान से सुनें. हर व्यक्ति से तुरंत भरोसा करने की जरूरत नहीं है, लेकिन हर किसी को खुद से दूर रखना भी सही नहीं.
यह भी पढ़ें: क्या आपका पार्टनर भी करता है हर बात पर रोक-टोक? ये 5 संकेत न करें नजरअंदाज
